रिंगनोद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, तहसीलदार मुकेश बामनिया, थाना प्रभारी अनिल जाधव एवं चौकी प्रभारी जीएस भयड़िया के नेतृत्व में भगोरिया, होली, रंगपंचमी, रमजान एवं ईद पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार एवं थाना प्रभारी अनिल जाधव ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं, इन्हें मिलजुलकर मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

चौकी प्रभारी जीएस भयड़िया ने अपराधों की रोकथाम, जुलूस मार्ग, डीजे की समय-सीमा, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देशों की जानकारी दी तथा उपस्थित सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किए। बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजजन व क्षेत्र के तड़वी, पटेल सहित ग्रामीणजन एवं रिंगनोद चौकी का स्टाफ उपस्थित रहा।


















