GPS की मदद से गुजरात से पहुंचा वाहन मालिक, पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
सरदारपुर। गुजरात से इंडस्ट्रियल ऑयल लेकर निकले टैंकर चालक ने करीब 19 लाख रुपये से अधिक का ऑयल बेचकर टैंकर को पलटी खिलाने की कोशिक की। इसमें सफलता नही मिली तो टैंकर चालक फोन बंद करके फरार हो गया। टैंकर मालिक वाहन में लगे जीपीएस की मदद से ग्राम फुलगावडी पहुंचा तब उसे पूरी वारदात की जानकारी मिली। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू दी हैं।
सरदारपुर थाना पुलिस को फरियादी टैंकर मालिक मयूर पिता भुदरलाल ठक्कर निवासी अपना नगर गाँधीधाम गुजरात द्वारा दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 6 फरवरी को आरोपी ड्रायवर रेहमत पिता गुलाम सरवार खान निवासी कोनडरा बाडमेर राजस्थान टैंकर क्रमांक GJ 39 TA 2263 में इडस्ट्रीयल आईल करीब 30.640 मेट्रिक टन भरकर मुंदरा पोर्ट गुजरात से मक्सी के लिए निकला था।
आरोपी चालक ने 10 फरवरी को दोपहर करीब 1.30 बजे फोन कर बताया की टैंकर इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर ग्राम फुलगावड़ी में रोड से नीचे उतर गया है। जिसके बाद आरोपी चालक ने अपना फोन बंद कर लिया। वाहन मालिक ने जीपीएस देखा तो पता चला की टैंकर इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर ग्राम फुलगांवड़ी में खडा है। वाहन मालिक ने अन्य चालक को भेजकर चेक करवाया तो टेंकर खाली अवस्था में खडा था। फरियादी वाहन मालिक ने फिर से जीपीएस चेक किया तो 9 फरवरी शाम से 10 फरवरी दोपहर 1 बजे के बीच टैंकर अलग -अलग स्थानों पर खडा दिखा। जिसके बाद वाहन मालिक सरदारपुर थाने पर पहुंचा व पुलिस को घटना की जानकारी दी।

वाहन मालिक के अनुसार आरोपी चालक ने इंडस्ट्रीयल आयल को कहीं बैचकर अमानत में खयानत की जाकर सबूत मिटाने के लिये टैंकर को ग्राम फुलगावड़ी में रोड़ साईट से पलटी खिलाने की कोशिश की किंतु टैंकर नहीं पलटा।
सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने बताया कि करीब 19 लाख रुपये से अधिक का ऑयल चोरी हुआ हैं। मामले में आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही हैं। आरोपी वाहन चालक फरार हैं। जिसकी तलाशी में तकनीकी मदद भी ली जा रही है।


















