सरदारपुर। पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाले ग्राम गोंदीखेड़ा चारण के जघन्य देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड मामले मे राजोद पुलिस द्वारा शुक्रवार को हत्याकांड की मास्टरमाइंड मृतक देवकृष्ण की पत्नी आरोपी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश पुरोहित को सरदारपुर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस द्वारा उक्त हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए आरोपियों के पुलिस रिमांड बढ़ाई जाने की न्यायालय से गुहार लगाई। न्यायालय से दोनों आरोपी पुलिस को 13 अप्रैल तक रिमांड पर सौपे है। राजोद थाना प्रभारी के अनुसार 13 अप्रैल तक रिमांड मिली है, 13 को पुनः दोनों आरोपियो को न्यायालय पेश किया जाएगा।
इधर, पुलिस द्वारा हत्या में प्रयुक्त हथियार और आरोपियों द्वारा कब-कब और कहा-कहा देवकृष्ण की हत्या की साजिश बनाई गई। उक्त आरोपी एक दूसरे के संपर्क में कैसे आए व मृतक की पत्नी प्रियंका सुपारी किलर सुरेंद्र प्रेमी कमलेश पुरोहित एक दूसरे के संपर्क में कैसे आए आदि कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि मामले का खुलासा होने के दौरान ही पुलिस द्वारा आरोपी पत्नी प्रियंका से नगदी एवं गहने जप्त कर लिए गए हैं।

गौरतलब है कि देवकृष्ण की हत्या के बाद मामले को लूट एवं डकैती का रूप देने की कोशिश आरोपी पत्नी द्वारा की गई थी वहीं घर में से वारदात के रात गहने एवं नगदी चोरी का ड्रामा रचा गया था। वहीं पुलिस सुपारी किलर सुरेंद्र भाटी की सरगर्मी से तलाश में जुट चुकी है। आने वाले दिनों में पुलिस उक्त हत्याकांड से जुड़े कई रोचक खुलासे कर सकती है।


















