राजगढ़। नगर परिषद सीएमओ संतोष चौहान ने शुक्रवार को नगर में चल रहे विकास कार्यों को गति देने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने नगर के रेलियां डेम पर ‘अमृत 2.0’ योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट का जायजा लिया और वार्ड क्रमांक 3 स्थित टेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ चौहान सबसे पहले रेलियां डेम पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत 2.0 योजना के तहत चल रहे फिल्टर प्लांट के निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित इंजीनियर्स और ठेकेदार को निर्देश देते हुए कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल समय पर उपलब्ध करवाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने काम की रफ्तार को बढ़ाते हुए तय समय-सीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात सीएमओ चौहान ने वार्ड क्रमांक 3 स्थित टेंचिंग ग्राउंड (कचरा डंपिंग साइट) का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां कचरा प्रबंधन, सेग्रीगेशन (कचरा पृथक्कीकरण) और स्वच्छता व्यवस्थाओं को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि टेंचिंग ग्राउंड पर कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए ताकि आसपास के रहवासियों को किसी भी तरह की परेशानी या दुर्गंध का सामना न करना पड़े। साथ ही, उन्होंने डंपिंग साइट पर स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निकाय के उपयंत्री एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


















