राजगढ़। नगर में मंगलवार को जलझूलनी एकादशी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामूहिक डोल यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान की पूजा-अर्चना कर स्वागत किया। बैंड पर गूंजते भक्ति गीतों से पूरा नगर धर्ममय नजर आया।
नगर में यात्रा का शुभारंभ शाम 4 बजे श्रीमाताजी मंदिर से हुआ। इसके बाद यात्रा मार्ग में देववंशीय लौहार समाज के श्रीराम मंदिर, श्री सेन समाज मंदिर, श्री गवली समाज मंदिर, तीन बत्ती स्थित श्रीराम मंदिर, श्री चारभुजा मंदिर, श्री लालबाई-फूलबाई माताजी मंदिर, श्री राधाकृष्ण राजपूत समाज मंदिर एवं श्री रामदेव चारण समाज मंदिर की डोल यात्रा में शामिल हुई। सभी डोल में भगवान लड्डू गोपाल की मनमोहक प्रतिमा विराजित थी।
सामूहिक डोल यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। मार्ग में घर-घर से श्रद्धालुओं ने डोल में विराजित भगवान की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी तथा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बैंड पर प्रस्तुत भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते हुए यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और वातावरण जयकारों से गूंजता रहा।
डोल यात्रा नगर भ्रमण के बाद पुनः श्रीमाताजी मंदिर पहुंची। यहां सभी मंदिरों की डोल की सामूहिक आरती की गई। इसके बाद बजाज परिवार की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। प्रसादी के बाद सभी मंदिरों की डोल अपने-अपने प्रारंभिक स्थान के लिए रवाना हुई। सामूहिक डोल यात्रा में श्री चारभुजा युवा मंच के पदाधिकारियों सहित सनातन धर्म से जुड़े बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। उक्त जानकारी श्री चारभुजा युवा मंच मीडिया प्रभारी प्रभुसिंह राजपूत ने दी।

















