रिंगनोद। ग्राम रतनपुरा के युवा गोकुल चौधरी पिता मोहन चौधरी के मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के पद पर चयनित होने के बाद पहली बार गांव आगमन पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया।
रतनपुरा बस स्टैंड स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए, जहाँ गोकुल का पुष्पमालाओं और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। मंदिर में दर्शन-पूजन के पश्चात ग्रामीणों ने गांव के प्रमुख मार्गों से उनका भव्य जुलूस निकाला। इस दौरान युवाओं और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने आतिशबाजी व ढोल-ढमाकों के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
अपनी सफलता पर गोकुल चौधरी ने कहा कि उन्होंने निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि उनकी ट्रेनिंग अभी चल रही है और लगभग 5 माह का प्रशिक्षण अभी बाकी है। कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठजन, युवा साथी और परिजन उपस्थित रहे।


















