बरमंडल पहुंचे डिप्टी CM जगदीश देवड़ा: शहीद टीआई दिलीप पुरी के परिवार से मिले, परिजनों ने रखीं 3 मुख्य मांगें, डिप्टी सीएम ने कहा – किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा

सरदारपुर। देवास जिले में शराब तस्करी रोकने के दौरान शहीद हुए खातेगांव थाना प्रभारी स्व. दिलीप पुरी के पैतृक गांव बरमंडल में मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा पहुंचे। डिप्टी सीएम ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।

उपमुख्यमंत्री देवड़ा दोपहर बाद ग्राम बरमंडल स्थित शहीद टीआई के निवास पहुंचे। उन्होंने स्व. दिलीप पुरी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद डिप्टी सीएम ने शहीद के पिता ओमप्रकाश पुरी व परिवार के अन्य सदस्यों से बात की और कहा कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। परिजनों ने उपमुख्यमंत्री के सामने तीन प्रमुख मांगे रखी। पहली मांग बरमंडल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम ‘अमर शहीद दिलीप पुरी’ के नाम पर रखा जाए और परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए।

परिजनों ने बताया कि स्व. पुरी ने इस विद्यालय में 2 वर्षों तक विद्यार्थियों को निशुल्क परेड का प्रशिक्षण दिया था, जिसके लिए उन्हें प्राचार्य द्वारा प्रशस्ति पत्र भी मिला था। परिवार ने दूसरी मांग रखी कि शहीद टीआई की पत्नी को शासकीय सेवा में अनुकंपा नियुक्ति दी जाए, ताकि वे अपने बच्चों का भरण-पोषण और देखभाल सुचारू रूप से कर सकें। तीसरी मांग शहीद के बच्चों की पूरी पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाए तथा भविष्य सुरक्षित करना भी सरकार की जिम्मेदारी हैं। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने परिजनों की इन मांगों पर आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर सभी मांगों को स्वीकृत कराने का पूरा प्रयास करेंगे।

हर पहलू की होगी निष्पक्ष जांच : डिप्टी सीएम –
मीडिया से चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी और इस वारदात में शामिल किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले के तार गुजरात से जुड़े होने की आशंका समेत सभी पहलुओं पर निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। अपराध करने वाला चाहे कोई भी हो, सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फोन पर की पिता से बात –
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद टीआई दिलीप पुरी के पिता ओमप्रकाश पुरी से फोन पर चर्चा कर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

सरदारपुर में नर्मदा माईक्रो सिंचाई परियोजना की समीक्षा बैठक संपन्न : विधायक ग्रेवाल ने कहा – परियोजना के शेष 52 गांवों को भी जल्द ही नर्मदा का पानी प्रदान करें, नदियों, तालाबों, जलाशयों में नर्मदा जल छोडने के दिए निर्देश

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!