सरदारपुर। माही-नर्मदा लिंक परियोजना के अंतर्गत 29 अक्टूबर को छोड़ा गया नर्मदा का पावन जल सोमवार को सरदारपुर पहुँचा, जहाँ इसका संगम माही नदी से हुआ। मांडव कालीन अति प्राचीन झिरनेश्वर महादेव धाम पर जब नर्मदा का जल कल-कल बहती माही नदी में समाहित हुआ, तो यह अद्भुत दृश्य देखकर उपस्थित श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर दौड़ गई और पूरा परिसर ‘नर्मदा मैया’ तथा ‘माही माता’ के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा एवं आंशु शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। भाजपा जिला मंत्री कमल यादव, मंडल अध्यक्ष ओंकारलाल जाट, डॉ. एम. एल. जैन, वरिष्ठ शिक्षक शैतानसिंह चौहान, मोहनलाल यादव, लक्ष्मण तिवारी, कालू यादव, मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पंचामृत से नर्मदा व माही माता का अभिषेक किया। इसके पश्चात माता को चुनरी और प्रसादी अर्पित की गई। संगम पूजन के बाद सभी भक्तों ने झिरनेश्वर महादेव की महाआरती में भाग लिया।
66 गाँवों के किसानों को मिलेगा लाभ –
कार्यक्रम के उपरांत भाजपा जिला मंत्री कमल यादव ने कहा कि यह पूरे सरदारपुर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत हर्ष का क्षण है। उन्होंने बताया कि माही-नर्मदा लिंक परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के 66 गाँवों के किसानों को सिंचाई का भरपूर लाभ मिलेगा, जिससे कृषि क्षेत्र में नई समृद्धि आएगी।


















