सरदारपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 24 अक्टूबर को प्रस्तावित सरदारपुर दौरे को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सरदारपुर के खेल परिसर मैदान में सभा के लिए पंडाल तैयार हो चुका है और भोपवार रोड़ पर हेलीपेड बनाया गया हैं। शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नीलेश भारती, पूर्व मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तिगांव सहित भाजपा के नेता और पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
260 गांवों को सिंचाई के लिए मिलेगा पानी –
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान महत्वाकांक्षी नर्मदा-माही लिंक परियोजना के लोकार्पण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। 2,387.60 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत धार और झाबुआ जिले के कुल 260 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की योजना है। इससे दोनों जिलों के किसानों को लाभ मिलने के साथ कृषि भूमि की सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि योजना से झाबुआ जिले के 194 और सरदारपुर तहसील के 66 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके तहत झाबुआ जिले की 32 हजार हेक्टेयर और सरदारपुर तहसील की 25,422 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा देने का लक्ष्य है। इस तरह कुल 57,422 हेक्टेयर भूमि को लाभमिलेगा।
धार व झाबुआ जिले से पहुचेंगे ग्रामीण –
मुख्यमंत्री के आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया हैं। सरदारपुर में खेल परिसर मैदान पर आयोजित सभा को सुनने के लिए धार व झाबुआ दोनों ही जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचेने का अनुमान हैं। वही मंच पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कैबिनेट मंत्री निर्मला भुरिया सहित धार व झाबुआ जिले के विधायक मौजूद रहेंगे। सभा स्थल पर मुख्यमंत्री के प्रवेश हेतु एक वीआईपी गेट तैयार किया गया हैं।



















