सरदारपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सरदारपुर के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बुधवार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और एसपी सचिन शर्मा प्रशासनिक अमले के साथ खेल परिसर मैदान पहुंचे। अधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष नीलेश भारती और पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने भोपावर मार्ग पर बनाए जा रहे हेलीपैड की तैयारियों का भी जायजा लिया।
नर्मदा-माही लिंक परियोजना का करेंगे शुभारंभ –
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 अक्टूबर शनिवार को हेलीकॉप्टर से भोपवार रोड स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे खेल परिसर मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे और बहुप्रतीक्षित नर्मदा-माही लिंक परियोजना का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के लिए खेल परिसर में एक विशाल डोम तैयार किया जा रहा है। आयोजन में धार और झाबुआ जिले से बड़ी संख्या में आमजन के जुटने की संभावना है। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे का आधिकारिक मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी होना अभी बाकी है।

260 गांवों को मिलेगा सिंचाई का पानी –
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी नर्मदा-माही लिंक परियोजना से धार और झाबुआ जिले के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना के एसडीओ अविनाश बड़ोले ने बताया कि इस योजना से झाबुआ जिले के 194 और सरदारपुर तहसील के 66 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे झाबुआ जिले की 32,000 हेक्टेयर और सरदारपुर तहसील की 25,422 हेक्टेयर यानी कुल 57,422 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो सकेगी।
तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश –
निरीक्षण के बाद खेल परिसर मैदान पर कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों की बैठक ली। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और मंच व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एएसपी पारुल बेलापुरकर, अपर कलेक्टर संजीव केशव पांडेय, डिप्टी कलेक्टर सलोनी अग्रवाल, एसडीएम अजमेर सिंह गौड़, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, तहसीलदार महेश सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


















