राजगढ़। इंडियन विमेन क्लब की नवीन कार्यकारिणी के गठन के पश्चात पहला सेवा प्रोजेक्ट आयोजित किया गया। क्लब अध्यक्ष रागिनी तोमर की अध्यक्षता में दलपुरा स्थित राणा बख्तावर छात्रावास में बच्चों को पानी की बोतलें एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। इस दौरान बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह भी मीठा करवाया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की संरक्षक अलका जैन ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल भौतिक सहायता प्रदान करना नहीं है, बल्कि बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और उनका हौसला बढ़ाना भी है।

अंत में क्लब की सभी सदस्याओं ने छात्रावास परिवार का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक एवं सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्लब की उपाध्यक्ष हबीबा बोहरा सहित सीमा जाट, विजया बाफना, लीना मूणत, जूली जैन, दिव्या जैन, नीता मूणत, अनामिका चौहान, रंजना जायसवाल, रितिका जैन, संगीता पाठक एवं मनीषा डुंगरवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।


















