सरदारपुर। थाना अमझेरा क्षेत्र के ग्राम कोलीकुआ में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद मृतका के पति के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर फोटो भेजने और कमेंट करने की बात को लेकर पति द्वारा की जा रही लगातार मारपीट व प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मजदूरी के दौरान गुजरात में हुआ था विवाद –
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोलीकुआ निवासी रेखा उम्र 22 वर्ष का विवाह 1 मई 2026 को सामाजिक रीति-रिवाज से रितेश पिता जगदीश डामोर के साथ हुआ था। शादी के बाद रेखा अपने पति और परिजनों के साथ मजदूरी करने गुजरात के मोरबी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि 21 अगस्त 2026 को मोरबी में रहने के दौरान रेखा ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से रोशन नामक युवक को फोटो भेजा था और दोनों के बीच बातचीत व कमेंट हुए थे। इसी बात से नाराज होकर पति रितेश ने रेखा के साथ विवाद कर मारपीट की और इसके बाद से उसे लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
ससुराल में साड़ी का फंदा लगाकर दी जान –
लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर रेखा ने 1 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे ग्राम कोलीकुआ स्थित अपने ससुराल के मकान की छत के कड़े में साड़ी का फंदा लगाकर फांसी लगा ली। परिजन व रिश्तेदार उसे तत्काल दोपहर करीब 12:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमझेरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. सारिका कोसरा ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया और अस्पताल से पुलिस को सूचना भेजी।
जांच के बाद प्रकरण दर्ज –
अस्पताल की सूचना पर थाना अमझेरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की प्रारंभिक जांच सरदारपुर की कार्यपालिक मजिस्ट्रेट प्रशस्ति सिंह और मर्ग जांच अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) विश्वदीप सिंह परिहार द्वारा की गई। इस दौरान परिजनों और साक्षियों के बयान दर्ज किए गए। जांच में प्रताड़ना के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति रितेश पिता जगदीश डामोर निवासी ग्राम कोलीकुआ के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओ में प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

















