राजगढ़। क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला छड़ावद गांव के आगे का है, जहां गुरुवार दोपहर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक निजी बैंक के कर्मचारी को रोककर कट्टे की नोक पर लूट लिया। बदमाश कर्मचारी के पास से 77 हजार 640 रुपये नकद, चांदी के आभूषण और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
कलेक्शन कर लौटते समय हुई वारदात –
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धार की गांधी कॉलोनी निवासी साहिल पिता शेखर खत्री आईडीएफसी बैंक में ग्रुप रिलेशन ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार सुबह से ही वे विभिन्न गांवों में बैंक की रिकवरी कर रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे वे छड़ावद गांव से कलेक्शन कर राजगढ़ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान राजगढ़ की तरफ से आ रही एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर छीना बैग और जेवर –
तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। बाइक रुकते ही दो बदमाश नीचे उतरे और साहिल से रुपयों से भरा बैग व बाइक की चाबी छीनने लगे। साहिल ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी बाइक की चाबी पास की झाड़ियों में फेंक दी। इसके बाद एक बदमाश ने कट्टा निकालकर साहिल पर तान दिया, जबकि दूसरे ने उनका काला बैग जिसमें 77 640 रुपये नकद और कलेक्शन शीट रखी थी, हाथ में पहना चांदी का ब्रेसलेट, चांदी की दो अंगूठियां और मोबाइल फोन छीन लिया। इस दौरान तीसरा बदमाश बाइक चालू रखकर खड़ा रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने गठित की टीम, एजेंटों से की सतर्कता की अपील –
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही थाना प्रभारी ने क्षेत्र के सभी कलेक्शन एजेंटों से अपील की है कि वे फील्ड में जाते समय पूरी सतर्कता बरतें और नकद लेनदेन के बजाय ऑनलाइन कलेक्शन को प्राथमिकता दें।

















