सरदारपुर। सिविल हॉस्पिटल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी ने एक बच्ची को जन्म दिया है। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सरदारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 12 नवंबर को 14 वर्षीय किशोरी ने प्रसव के दौरान एक बच्ची को जन्म दिया।अस्पताल में प्रसव के समय मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
किशोरी ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि वह आरोपी को करीब दो साल से जानती थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। किशोरी के मुताबिक, जनवरी 2026 में आरोपी उसे उसके गांव से अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह उसी के साथ रहने लगी। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
घटना वाले दिन यानी 12 नवंबर की सुबह जब किशोरी के पेट में दर्द हुआ, तो उसने आरोपी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आरोपी उसे सरदारपुर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद किशोरी ने अपने परिजनों को बुलाकर पूरी घटना की जानकारी दी।
अस्पताल से सूचना मिलने पर राजगढ़ थाने की उप निरीक्षक जुली अमलियार ने अस्पताल पहुंचकर किशोरी से पूछताछ की। किशोरी द्वारा बताए गए घटनाक्रम के आधार पर, घटनास्थल राजोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण राजगढ़ पुलिस ने तुरंत जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला राजोद थाने को ट्रांसफर किया। इसके बाद, 13 नवंबर को राजोद थाने में असल अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी हरिओम पिता गोविंद मचार निवासी गुंदीखेड़ा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
राजोद थाना प्रभारी निरीक्षक रेवल सिंह बरड़े ने बताया कि राजगढ़ थाने में ज़ीरो पर एफआईआर दर्ज होने के बाद राजोद थाने पर असल प्रकरण दर्ज किया हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया हैं। साथ ही पुलिस टीम किशोरी के बयानों, अस्पताल के दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर मामले की सूक्ष्मता से आगे की जांच कर रही है।


















