सरदारपुर। नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण हुए 20 दिन बीत जाने के बावजूद सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 66 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने गुरुवार को नर्मदा घाटी विकास विभाग के प्रमुख सचिव और धार जिला कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने आगामी 8 दिनों में सभी गांवों में जलप्रदाय शुरू करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
विधायक ग्रेवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि 24 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों सरदारपुर, झाबुआ, पेटलावद और थांदला क्षेत्र की नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना के अपूर्ण कार्यों का लोकार्पण कराया गया था। इसके बाद 2 नवंबर को सरदारपुर में हुई समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों ने 8 दिन के भीतर क्षेत्र के सभी 66 गांवों में पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया था।
लीकेज के कारण बर्बाद हो रहा पानी, किसान परेशान –
विधायक ने बताया कि समीक्षा बैठक को भी 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक कई गांवों के खेतों तक पानी नहीं पहुंचा है। इसके अलावा पाइपलाइन में कई जगह लीकेज होने की शिकायतें भी मिल रही हैं, जिसे तत्काल दुरुस्त करने की आवश्यकता है।
शासन-प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए विधायक ग्रेवाल ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि अगले 8 दिनों में सभी 66 गांवों में सुचारू रूप से जलप्रदाय शुरू नहीं किया गया, तो वे प्रभावित किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। यह जानकारी विधायक कार्यालय के विष्णु चौधरी ने दी।


















