सरदारपुर और दसई में धूमधाम से संपन्न हुआ गाय गोहरी पर्व : दिखी अनूठी परंपरा, मन्नतधारियों के ऊपर से गुजरा गायों का झुंड, किसी को खरोंच तक नहीं आई

सरदारपुर। पांच दिवसीय दीपोत्सव के चौथे दिन आदिवासी बहुल धार जिले के ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक गाय गोहरी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु जमीन पर लेट गए और उनके ऊपर से सजी-धजी गायों का झुंड गुजरा। सैकड़ों गायों के गुजरने के बावजूद किसी भी व्यक्ति को चोट या खरोंच तक नहीं आई।

दसई में आयोजित यह परंपरागत पर्व सुबह 5 बजे शुरू हुआ, जो दोपहर 12 बजे तक चला। मान्यता है कि गायों के नीचे लेटकर मन्नत उतारने से गौमाता का आशीर्वाद मिलता है और परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि आती है। रघुवंशी और पाटीदार समाज के लोग इस आयोजन में प्रमुख रूप से शामिल हुए। पर्व की शुरुआत समाज के पटेलों द्वारा मशाल लेकर घर-घर पहुंचने और गायों को आयोजन के लिए आमंत्रित करने के साथ हुई। इसके बाद गायों को सड़क के एक ओर एकत्रित कर करीब आधे घंटे तक पूजा-अर्चना की गई। गायों का तेल और सिंदूर से पूजन किया गया। पहले इस परंपरा में मुर्गे की बलि दी जाती थी, लेकिन अब बलि के स्थान पर जिंदा मुर्गा छोड़ने की परंपरा निभाई जाती है। पूजन के बाद पटेलों ने गायों को हांकना शुरू किया और वे धीरे-धीरे सड़क पर लेटे मन्नतधारियों के ऊपर से गुजरने लगीं। इस दौरान पटेल और अन्य लोग हाथों में डंडे लेकर व्यवस्था संभालते रहे, ताकि एक साथ अधिक गायें किसी व्यक्ति के ऊपर से न गुजरें।

मन्नत पूरी होने पर लेटे श्रद्धालु –
ग्राम दसाई निवासी रामप्रसाद परमार ने बताया कि उनके बेटे की तबीयत पहले खराब रहती थी। उसके स्वस्थ होने पर उन्होंने मन्नत उतारने के लिए गायों के नीचे लेटकर परंपरा निभाई। इसी तरह राहुल ने बताया कि शादी की मन्नत पूरी होने पर उन्होंने भी गाय गोहरी पर्व में हिस्सा लिया। ग्रामीणों के लिए यह आयोजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही लोक संस्कृति और गौमाता के प्रति आस्था का प्रतीक है।

सरदारपुर में गवली समाज ने मनाया पर्व –
इधर, सरदारपुर में सकल गवली समाज द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गाय गोहरी पर्व बड़े ही उल्लास के साथ मनाया। यादव समाज के मीडिया प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि परंपरा अनुसार इस वर्ष भी गाय गोहरी का पर्व दीपावली के दूसरे दिन मनाया गया। बड़े बुजुर्गों का पैर छूकर आशिर्वाद लिया। वही गाय गोहरी पर्व के तहत मन्नतधारियों ने मन्नत उतारने के लिए गायों के नीचे लेटकर परंपरा निभाई। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहें।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!