सरदारपुर। सिविल अस्पताल सरदारपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए गर्भवती महिलाओं के लिए प्रतिदिन सोनोग्राफी जांच की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। इस नई व्यवस्था से क्षेत्र की महिलाओं को जांच के लिए निजी सेंटरों या अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अस्पताल में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज बागड़िया द्वारा प्रतिदिन गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी की जाएगी। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी) के आवश्यक ऑपरेशन और सिजेरियन प्रसव (एलएससीएस) की सुविधा भी अब अस्पताल में ही उपलब्ध रहेगी।
प्रतिदिन होंगे नसबंदी ऑपरेशन –
अस्पताल में अब नसबंदी ऑपरेशन की सुविधा भी नियमित कर दी गई है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. नितिन जोशी तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज बागड़िया द्वारा प्रतिदिन नसबंदी ऑपरेशन किए जाएंगे।
मरीजों को बाहर जाने से मिलेगी मुक्ति –
अस्पताल में दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की सक्रिय उपस्थिति से क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इससे गंभीर प्रसव, नसबंदी और आवश्यक सर्जिकल प्रक्रियाओं के लिए मरीजों को जिले के बाहर जाने की मजबूरी और आर्थिक भार से राहत मिलेगी।
मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. शीला मुजाल्दा ने बताया कि सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से सोनोग्राफी, नसबंदी एवं जटिल प्रसव जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं अब नियमित रूप से संचालित होंगी, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र की ग्रामीण जनता को मिलेगा।


















