सरदारपुर में CM डॉ. मोहन यादव ने दी 2,387 करोड़ की सिंचाई परियोजना की सौगात : धार और झाबुआ के 260 गांवों मिलेगा सिंचाई का पानी, 188 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन, मुख्यमंत्री ने कहा – किसानों की समृद्धि सरकार का ध्येय है

सरदारपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सरदारपुर में 2,387.60 करोड़ रुपये की लागत की नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। परियोजना से धार और झाबुआ जिले के 260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे करीब 72 हजार किसान लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 188 करोड़ रुपये के 35 नए विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया। साथ ही रबी वर्ष 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश के 16.70 लाख किसानों के खातों में 317.86 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।

कार्यक्रम सरदारपुर स्थित खेल मैदान पर आयोजित किया गया था। मंच पर सीएम डॉ यादव के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, विधायक नीना वर्मा, पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, विधायक प्रताप ग्रेवाल, पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष नीलेश भारती, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा, भाजपा जिला महामंत्री राकेश पटेल, जिला मंत्री कमल यादव, जिला पंचायत सदस्य गायत्री पुरोहित, भाजपा नेता नवीन बानिया, गोपाल सोनी, सुनील गामड़, मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल, ओंकारलाल जाट, मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्‍न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन करने के साथ ही परियोजना के मॉडल का अवलोकन भी किया। मुख्‍य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर सीएम डॉ. यादव का आदिवासी पंरपरा से स्वागत किया गया। नेताओं ने तीर-कमान सहित आदिवासी जैकेट भी सीएम यादव को भेंट की।

माही नदी में छोड़ा जाएगा नर्मदा का पानी –
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में केवल 7.50 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जो वर्ष 2023 तक बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हुई। पिछले ढाई वर्षों में इसे 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि राज्य सरकार का ध्येय है और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। परियोजना के तहत कुक्षी तहसील के ग्राम चंदनखेड़ी में नर्मदा नदी से 186.62 एमसीएम पानी का उद्वहन किया जाएगा। इसे माही नदी में छोड़ा जाएगा। इसके बाद भूमिगत पाइपलाइन प्रणाली से खेतों तक दबावयुक्त पानी पहुंचाया जाएगा। योजना में 102.30 मेगावाट बिजली की खपत प्रस्तावित है। किसानों को 2.5 हेक्टेयर के चक तक 20 मीटर दबावयुक्त जल उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना के तहत धार जिले की सरदारपुर तहसील के 66 गांवों की 25,422 हेक्टेयर तथा झाबुआ जिले के 194 गांवों की 32 हजार हेक्टेयर भूमि को लाभ मिलेगा।

188 करोड़ रुपये के 35 कार्यों का भूमि-पूजन –
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमका-झमका माता मंदिर को श्रीकृष्ण पाथेय योजना के तहत तीर्थ के रूप में विकसित करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री के अनुसार, धार जिले को कार्यक्रम के दौरान करीब 2,400 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। इसमें चार पुलों और विद्यालय भवनों सहित विभिन्न कार्यों का लोकार्पण तथा कन्या विद्यालय, आईटीआई भवन और अमका-झमका माता मंदिर के विकास सहित 188 करोड़ रुपये के 35 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजना से छूटे गांवों को भी जोड़ने का प्रयास किया जाएगा और धार को जल्द मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी।

100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य –
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए नई योजना शुरू की गई है। इसके तहत 25 गाय या भैंस खरीदकर डेयरी शुरू करने वाले किसानों को 10 लाख रुपये का अनुदान देने की बात कही। वही केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि कम बारिश की स्थिति में माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नए डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि परियोजना से धार, झाबुआ, पेटलावद, थांदला और सरदारपुर क्षेत्र को सिंचाई के लिए नर्मदा जल उपलब्ध होगा।

निकुंज धाम गौशाला में किया गोमाता का पूजन –
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम के पश्चात हेलिपैड पर जाते समय धार जिले के सरदारपुर स्थित निकुंज धाम गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोमाता का विधिवत पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौशाला के प्रमुख पं. सुभाष शर्मा से गौशाला के संचालन, व्यवस्थाओं तथा गोवंश के संरक्षण एवं देखभाल के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर गौशाला की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय अभिनंदन किया।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

सरदारपुर में CM डॉ. मोहन यादव ने दी 2,387 करोड़ की सिंचाई परियोजना की सौगात : धार और झाबुआ के 260 गांवों मिलेगा सिंचाई का पानी, 188 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन, मुख्यमंत्री ने कहा – किसानों की समृद्धि सरकार का ध्येय है

[the_ad id="80502"]

Related Post

राजगढ़ में माताजी मंदिर में शारदीय नवरात्रि की धूम : श्री गणपति अम्बिका युवा मंच द्वारा मनाया जा रहा नवरात्रि महोत्सव, 19 अक्टूबर को 1 लाख से अधिक बत्तियों से होगी भव्य महाआरती, अष्टमी और नवमी पर खुलेंगे मां कामाख्या कालिका के पट

Read More »
error: Content is protected !!