राजगढ़ में श्री मंशा महादेव व्रत का विधि-विधान के साथ हुआ उद्यापन: माताजी मंदिर पर इंदौर सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे श्रद्धालु, बच्चों को मिठाई से तौलकर जताई कृतज्ञता

राजगढ़। नगर में चार माह से श्रद्धा, भक्ति और अटूट विश्वास के साथ किए जा रहे श्री मंशा महादेव व्रत का शुक्रवार को विधि-विधान के साथ उद्यापन संपन्न हुआ। नगर के पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर में सुबह से ही व्रतधारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जिससे मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। व्रतधारियों ने भगवान श्री मंशा महादेव का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज ने व्रतधारियों को विधिवत कथा का श्रवण करवाया और पूजा-अर्चना के साथ व्रत का संकल्प पूर्ण करवाया। इसी के साथ चार माह से चल रही आराधना और धार्मिक साधना का समापन हो गया।

ज्योतिषाचार्य श्री भारद्वाज ने बताया कि भगवान मंशा महादेव का यह व्रत मनोकामनाओं की पूर्ति और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए विशेष श्रद्धा के साथ किया जाता है। व्रत की शुरुआत श्रावण माह के शुक्ल पक्ष की विनायकी चतुर्थी से होती है और कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तक, यानी चार माह तक इसकी आराधना की जाती है। इस दौरान प्रत्येक सोमवार को व्रतधारी शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन करते हैं तथा व्रत की कथा का श्रवण करते हैं। चार माह तक व्रतधारी धार्मिक नियमों, संयम और सात्विक दिनचर्या का पालन करते हुए अपनी आस्था को संकल्प के रूप में निभाते हैं। व्रत के अंतिम दिन भगवान मंशा महादेव को गेहूं के आटे, गुड़ और देसी घी से निर्मित लड्डुओं का भोग लगाकर विधि-विधान से उद्यापन किया जाता है।

मन्नत पूरी होने पर बच्चों को मिठाई से तौला –
व्रत उद्यापन के अवसर पर माताजी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के अनूठे दृश्य देखने को मिले। संतान प्राप्ति की मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु परिवारों ने अपने बच्चों को मिठाई से तौलकर भगवान मंशा महादेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। ज्योतिषाचार्य श्री भारद्वाज ने बताया कि इंदौर जैसे बड़े महानगर से भी श्रद्धालुओं ने इस व्रत का संकल्प लिया था।

कल होंगे भंडारे, हजारों श्रद्धालु करेंगे प्रसादी ग्रहण –
चार माह तक चले मंशा महादेव व्रत का उद्यापन संपन्न होने के बाद शनिवार को नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भंडारों का भव्य आयोजन होगा। पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर पर प्रातः 11 बजे से भंडारे की शुरुआत होगी। इसके अलावा नगर के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

लोकार्पण के 20 दिन बाद भी किसानों के खेतों में नही पहुंचा पानी: विधायक प्रताप ग्रेवाल ने दिया 8 दिन का अल्टीमेटम, सरदारपुर के सभी 66 गांवों में नर्मदा जल पहुंचाने और पाइपलाइन लीकेज सुधारने की मांग को लेकर प्रमुख सचिव को लिखा पत्र

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!