राजगढ़। झाबुआ जिले के रायपुरिया थाना क्षेत्र निवासी महिला के साथ राजगढ़ में मोहनखेड़ा रोड़ स्थित एक होटल में दुष्कर्म करने मामला सामने आया है। महिला अपने बेटे के साथ बस से ससुराल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में परिचित व्यक्ति मिला, जिसने उसे घर छोड़ने का कहकर अपनी बाइक पर बैठाया और होटल ले गया। महिला की शिकायत पर राजगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी राजेश पिता दुर्गालाल लोधा निवासी ग्राम नलावदा के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला के पति का करीब चार साल पहले निधन हो चुका है। 9 नवंबर को अपनी बड़ी मम्मी की तबीयत खराब होने के कारण वह बेटे के साथ मायके गई थी। इसके बाद 12 नवंबर को दोपहर करीब 12.30 बजे महिला अपने बेटे के साथ ससुराल जाने के लिए भलगावड़ी से बस में बैठी। महिला और उसके बेटे को उसके भाई ने बस में बैठाया था। दोपहर करीब 1.30 बजे दोनों राजगढ़ बस स्टैंड पर उतरे। यहां से ससुराल जाने के लिए दूसरी बस का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान आरोपी राजेश बाइक लेकर बस स्टैंड पहुंचा। उसने महिला से पूछा कि कहां जा रही हो। महिला ने ससुराल जाने की बात बताई तो आरोपी ने उसे छोड़ने का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह महिला और उसके बेटे को बाइक पर बैठाकर राजगढ़ में मोहनखेड़ा रोड स्थित एमजी होटल ले गया। यहां आरोपी महिला को होटल के कमरे में ले गया। शिकायत के अनुसार, कमरे में नाश्ता करने के बाद महिला का बेटा सो गया। इसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने महिला को रातभर होटल में ही रखा।
अगले दिन सुबह करीब 6 बजे आरोपी महिला और उसके बेटे को मोहनखेड़ा गेट पर लेकर पहुंचा। यहां उसने महिला को घटना के बारे में किसी को नहीं बताने की धमकी दी। साथ ही किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां छोड़कर चला गया। इसके बाद महिला अपने ससुराल पहुंच गई। महिला ने डर और शर्म के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। 18 नवंबर को मायके पहुंचने पर उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों के साथ राजगढ़ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज–
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी राजेश पिता दुर्गालाल लोधा के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


















