मोहनखेड़ा में दादा गुरुदेव पर आधारित फिल्म ‘युग सारथी’ का मुहूर्त संपन्न : राजेंद्र सूरीश्वरजी के जीवन पर बनेगी फिल्म, भरतपुर में जन्म से लेकर मोहनखेड़ा तक की आध्यात्मिक यात्रा पर्दे पर दिखेगी

राजगढ़। दादा गुरुदेव श्रीमद् विजय राजेंद्र सूरीश्वरजी महाराज के त्याग, तप, ज्ञान साधना और धर्म प्रभावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उन पर आधारित फिल्म ‘युग सारथी’ का निर्माण शुरू हो गया है। मंगलवार को श्री मोहनखेड़ा महातीर्थ में गच्छाधिपति आचार्य देवेश श्रीमद् विजय हितेशचंद्र सूरीश्वरजी महाराज की पावन निश्रा में फिल्म का विधिवत मुहूर्त संपन्न हुआ।

मुहूर्त से पूर्व आचार्यश्री, मुनि मंडल, साध्वी मंडल और समाजजन शोभायात्रा के रूप में मंदिर परिसर से गुरु मंदिर पहुंचे। इसके पश्चात तीर्थ ट्रस्ट मंडल के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित किया और आचार्यश्री ने मंगलाचरण का वाचन किया।

नई पीढ़ी तक पहुंचेगा गुरुदेव का जीवन दर्शन –
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुनिराज श्री रजतचंद्र विजयजी महाराज ने कहा कि दादा गुरुदेव का जीवन जनसामान्य के लिए आत्मकल्याण और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। उनके द्विशताब्दी महोत्सव के उपलक्ष्य में बनने वाली यह फिल्म नई पीढ़ी को उनके विचारों, आदर्शों और सिद्धांतों से जोड़ेगी। उन्होंने बताया कि गुरुदेव का द्विशताब्दी मुख्य महोत्सव आगामी 8 से 15 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।

ऐतिहासिक व साधना स्थलों पर होगी शूटिंग –
फिल्म के निर्देशक रिजु चंद्रा ने बताया कि ‘युग सारथी’ की अवधि लगभग ढाई से तीन घंटे की होगी, जिसमें 7 से 10 गीत शामिल किए जाएंगे। फिल्म को प्रामाणिक बनाने के लिए गुरुदेव के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक एवं साधना स्थलों पर ही दृश्य फिल्माए जाएंगे। वही फिल्म निर्माता प्रवीण जैन ने जानकारी दी कि फिल्म में गुरुदेव के भरतपुर में जन्म से लेकर मोहनखेड़ा महातीर्थ तक के संपूर्ण जीवन सफर को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। उनके दीक्षा प्रसंग, संतों के साथ आध्यात्मिक संवाद, तप और चारित्र के महत्वपूर्ण पहलुओं को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। निर्माण टीम का प्रयास है कि फिल्म को आगामी मार्च माह के अंत तक दर्शकों के सामने लाया जाए।

फिल्म मुहूर्त के अवसर पर मुनिराज श्री पीयूषचंद्र विजयजी, दिव्यचंद्र विजयजी, रजतचंद्र विजयजी, चंद्रयश विजयजी, पुष्पेंद्र विजयजी, रूपेंद्र विजयजी, वैराग्ययश विजयजी और जिनभद्र विजयजी सहित साध्वी मंडल मौजूद रहा। वहीं, श्री आदिनाथ राजेंद्र जैन श्वेतांबर पेढ़ी ट्रस्ट के ट्रस्टी चंपालाल वर्धन, सेठ सुजानमाल जैन, मांगीलाल पावेचा, संजय सराफ, बाबूलाल खेमेसरा, कमलेश सांचोर, निर्माण टीम के सदस्य और में मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

मोहनखेड़ा में दादा गुरुदेव पर आधारित फिल्म ‘युग सारथी’ का मुहूर्त संपन्न : राजेंद्र सूरीश्वरजी के जीवन पर बनेगी फिल्म, भरतपुर में जन्म से लेकर मोहनखेड़ा तक की आध्यात्मिक यात्रा पर्दे पर दिखेगी

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!