रिंगनोद। राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर स्थित टांडा में टांडा घाट पर शनिवार सुबह राजगढ़ से मनावर की ओर जा रही भगवती ट्रैवल्स की निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में 16 से यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ हैं। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि भगवती बस क्रमांक एमपी 46 झेडडी 9813 राजगढ़ मनावर वाया बाग जा रही थी तभी टांडा घाट पर वन चौकी के समीप तेज गति से चलाते हुए अंधे मोड पर रोड पर बस पलट गई। बस में 40 से अधिक यात्री बैठे थे, जिसमें करीबन 16 लोग घायल है जिन्हे टांडा व राजगढ़ एवं अस्पताल में भेजा गया। वही सवारी को अन्य साधनों से रवाना किया गया। बस रोड पर पलटने से रोड बाधित हो गया था, बस को क्रेन के माध्यम से साइड में कर आवागमन चालू किया गया।
हादसे में यह हुए घायल –
अचानक अनियंत्रित होकर बस पलटने से बस में चीख पुकार मच गई। हादसे में संजय पिता इंदर सिंह निवासी घोर के दोनों पैरों मे गंभीर चोट आई हैं। वही लालचंद पिता चंपालाल सोलंकी उम्र 78 साल निवासी रिंगनोद, नेमालाल पिता नारायण भायल उम्र 55 साल निवासी पेटलावद, जंगली बाई पति देवी सिंह बिलाड़ा उम्र 50 साल निवासी ग्राम पनवा थाना गंधवानी, हीरालाल पिता दतिया अजनार उम्र 25 साल निवासी वालनेरा थाना गंधवानी, ऋतु पिता नारायण राठौर उम्र 24 साल निवासी टांडा, तोशिका पिता पप्पू वसुनिया उम्र 21 साल निवासी राजगढ़ थाने के सामने, संतोषी पति छोटू वास्केल उम्र 40 साल निवासी उजाड़िया, भूरी बाई पति कानालाल डाबर उम्र 35 साल निवासी उजाड़िया, निरु पति संजय उम्र 25 वर्ष निवासी घोर, दयाल पिता हीरालाल उम्र 40 वर्ष निवासी राजगढ़, विजय पिता सरदार उम्र 25 वर्ष निवासी राजगढ़ , दीपिका पिता शंकर उम्र 11 वर्ष निवासी पीथमपुर, सुनीता पिता मोहन उम्र 16 वर्ष निवासी सरदारपुर, मेहता पति देवल उम्र 60 वर्ष निवासी सरदारपुर तथा परम सिंह पिता पाल सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी पिपरानी घायल हुए हैं।

बस के नीचे दबे पैर, बिलखती रही पत्नी –
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढे 9 बजे हुआ। टांडा घाट शुरू होते ही बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में ग्राम घोर निवासी संजय के दोनों पैर बस के नीचे दबकर बुरी तरह कुचल गए। मौके पर मची चीख-पुकार के बीच संजय की पत्नी, जो खुद भी घायल थी, अपने पति को गले लगाकर बिलखती रही। हादसे की सूचना मिलते ही रिंगनौद चौकी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया।
घायलों से मिलने पहुंचे एसडीओपी –
हादसे के बाद कुछ घायलों को टांडा समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया तथा कुछ घायलों को राजगढ़ भेजा गया। हादसे में घायल यात्रियों का राजगढ़ में निजी अस्पताल में उपचार किया गया। जहां घायलों से मिलने सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार पहुंचे। उन्होंने घायलों से हादसे की जानकारी लेते हुए मौके पर मौजूद डॉक्टरों से आवश्यक निर्देश भी दिए।
रिंगनौद चौकी प्रभारी गुलाब सिंह भयड़िया ने बताया कि हादसे में घायल यात्रियों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। बस को रिंगनोद चौकी पर खड़ा करवाया है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।


















