नरेन्द्र पंवार @ दसई। दसई क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद सावित्री ठाकुर ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के आयुक्त को पत्र लिखकर दसई स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के रूप में उन्नयन करने की अनुशंसा की है।
केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि दसई और आसपास के दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी अपनी प्राथमिक स्वास्थ्य आवश्यकताओं के लिए इसी केंद्र पर निर्भर है। वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सीमित संसाधन व सुविधाएं होने के कारण प्रसूति, गंभीर बीमारियों, आपातकालीन चिकित्सा और विशेषज्ञ सेवाओं के लिए मरीजों को बड़े और दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे विशेषकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भारी मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों की स्वास्थ्य समस्याओं और जनहित को प्राथमिकता देते हुए केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने शासन से मांग की है कि दसई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को जल्द से जल्द सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत करने हेतु आवश्यक स्वीकृतियां एवं प्रशासकीय कार्यवाही पूरी की जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर ही आपातकालीन व विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं सुलभ हो सकें।



















