राजगढ़। धार के तिरला थाना क्षेत्र के चिखलिया फाटे पर बुधवार को मजदूरों से भरी पिकअप वाहन के पलटी खाने के बाद 16 मजदूरों की मौत होने के बाद गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए क्षमता से अधिक भरे यात्रियों के वाहनो की सघन जांच की गई।
गुरुवार शाम 5 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने इंदौर-अहमदबाद फोरलेन मार्ग की कुक्षी चौकड़ी पर यात्री वाहनो कि जांच की। इस दौरान कुक्षी से इंदौर जाने वाले यात्री वाहन में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। वाहन चालक से वाहन से संबंधित ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, बीमा आदि दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने वाहन चालक को सख्त हिदायत देते हुए चालानी कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगली बार क्षमता से यात्रियों को वाहनों में बिठाया तो वाहन जप्त कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वही शराब पीकर दो पहिया वाहन चलाने वाले चालको पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने 2 घंटे दरमियान करीब 150 से अधिक वाहनों की सुक्ष्मता से जांच की। वाहनो से संबंधित दस्तावेजों के साथ वाहन चालक के लाइसेंस को भी बारीकी से जांचा। पुलिस की इस कार्रवाई से कई वाहन चालको ने अपना रास्ता भी बदल लिया था। इस दौरान राजगढ़ थाने के एसआई एनएस दंडोतिया, आरक्षक मुकेश बामियान, दिलीप सिंघार, अंकित रघुवंशी, क्रांत तोमर, दिलीप डुडवे, अजित गुर्जर सहित अन्य मौजूद रहे।
सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने बताया कि वाहन चैकिंग का कार्य निरंतर जारी रहेगा। क्षमता से अधिक यात्रियों को बिठाने वाले वाहनों पर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा की क्षमता से अधिक यात्रियों वाले वाहनों में बैठने से बचे ताकि दुर्घटना का शिकार होने से बच सकें।


















