कथा वाचक श्री भारद्वाज ने कहा – घर में मां-बाप का सम्मान नही तो सारी भक्ति व्यर्थ हैं
रिंगनोद। घर में कितनी भी बहस हो जाए कितना भी कलह हो जाए लेकिन मां-बाप का हमेशा सम्मान करें। आप चाहे कितनी भी भक्ति कर ले कितना भी राम नाम, कृष्ण नाम या शिव नाम जप ले लेकिन अगर आपके मां-बाप का आपने सम्मान नही किया तो सारी भक्ति व्यर्थ हैं। आप अपनी मां का चाहे कितना भी तिरस्कार कर लो आपको एक छोटी सी खरोंच भी आ गई ना तो सबसे पहले मां ही दौड़कर आएगी। उक्त बातें ग्राम पंचायत गुमानपुरा के मवड़ी के सिद्ध क्षेत्र सुराई माता स्थित महादेव जी मंदिर में आयोजित पंच दिवसीय श्री शिव चरित्र कथा के अंतिम दिवस कथा वाचक श्री पुरुषोत्तम जी भारद्वाज ने कही।
वही श्री भारद्वाज ने उपस्थित श्रद्धालुओ से कहा की घर में अगर बेटी जन्मे तो मुह छोटा ना करें। बिटिया को पढ़ा-लिखाकर शिक्षित बनाए, एक दिन बेटी भी घर व गांव का नाम रोशन करेगी। कथा समापन के अवसर पर कथा वाचक श्री भारद्वाज ने उपस्थित श्रद्धालुओ को नशा न करना, बेटी बचाना व धर्मांतरित नही होने का संकल्प दिलवाते हुए कहा कि हमें अपने धर्म को छोड़कर कही नही जाना हैं। हमारा सनातन धर्म सर्वेश्रेष्ठ धर्म हैं। कथा से पहले उपस्थित ग्रामीणों को समाजसेवी कमरू भाई अजनार उदयगढ़ ने संबोधित करते हुए समाज सुधार के कार्य व धर्म के कार्यों में बढ़चढ़कर सहभागिता करने का आव्हान किया।

हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की भोजन प्रसादी –
ग्राम मवड़ी, गुमानपुरा, खलवा, पाटरुंडी, फुलझर व ढाकनबारी के ग्रामीणों सहयोग से आयोजित हुई श्री शिव चरित्र कथा के अंतिम दिवस हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण करने पहुंचे। वही सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी आयोजन में शामिल होने पहुंचे। कथा समापन के साथ ही पूर्णाहुति पर महाप्रसादी का आयोजन हुआ। जिसमें क्षेत्रभर के विभिन्न गांवो से हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।
महाशिवरात्रि पर होगा मेले का आयोजन –
सिद्ध क्षेत्र सुराई माता स्थित महादेव जी मंदिर पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर मेले का आयोजन होगा। मेला समिति ने बताया कि 14 व 15 फरवरी को 2 दिवसीय मेले का आयोजन होगा। जिसमें छूले-चकरी, मिठाई सहित विभिन्न दुकाने लगेगी।



















