राजगढ़। ट्रेंचिंग ग्राउंड से सटे क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठों को लेकर चल रहे विवाद के बीच फिलहाल भट्ठा संचालकों को राहत मिली है। सोमवार को विधायक प्रताप ग्रेवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम तक किसी भी भट्ठा संचालक को नहीं हटाया जाएगा। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश जायसवाल, सहायक राजस्व निरीक्षक अर्जुन चोयल,प्रभारी लेखपाल रघुनाथ वसुनिया पटवारी राजेंद्र सोनी, सहित कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर पालिका को राजस्व विभाग द्वारा सर्वे क्रमांक 230/2 की लगभग 25 बीघा भूमि आवंटित की गई है, जहां भविष्य में कचरा प्रबंधन प्लांट स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है। इसी भूमि पर वर्तमान में ईंट भट्ठों का संचालन हो रहा है, जिससे योजना के क्रियान्वयन में तकनीकी अड़चन सामने आ रही है। प्रस्तावित प्लांट में कचरे का निपटान वैज्ञानिक पद्धति से किया जाना है नगर से प्रतिदिन करीब 3 से 4 टन कचरा ट्रेचिंग ग्राउंड जाता है यहां कचरा का निपटान किया जा रहा हैं।

प्रजापत समाज ने रखी पुनर्वास की मांग –
निरीक्षण के दौरान प्रजापत समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखी। उनका कहना था कि भट्ठों को हटाने से पहले वैकल्पिक भूमि तय की जाए और पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था की जाए। अचानक कार्रवाई से कई परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।
संतुलित समाधान के निर्देश-
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनावश्यक भूमि अधिग्रहण से बचा जाए और विकास कार्यों के साथ रोजगार की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के किसी भी संचालक को विस्थापित नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कचरा प्रबंधन योजना और भट्ठा संचालकों के रोजगार दोनों को ध्यान में रखते हुए संतुलित और व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा।


















