रिंगनोद। करीब 3 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार ग्राम रिंगनोद में लखा घाटी वाले तालाब की क्षतिग्रस्त पाल की मरम्मत का काम शुरू हो गया हैं। इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा पीड़ित किसानों के साथ लंबे समय के धरना प्रर्दशन कर ज्ञापन दिए थे।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष राकेश सोलंकी ने बताया कि 3 वर्ष से ग्राम रिंगनोद में स्थित लखा घाटी वाले तालाब की पाल क्षतिग्रस्त थी। जिससे बारिश के समय पानी तालाब में ना ठहरते हुए किसानों के खेतों से निकल जाता था। इससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। इस मामले को लेकर पीड़ित किसानो के साथ लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे।
सोमवार को एसडीएम कार्यालय में इस मामले को लेकर धरना प्रदर्शन किया था तथा सोमवार को ही धार में कलेक्टर से मुलाकात की थी। जिस पर कलेक्टर ने जल्द ही तालाब की क्षतिग्रस्त पाल से सुधार कार्य को शुरू करने की बात कही थी। रविवार से तालाब की क्षतिग्रस्त पाल का सुधार कार्य शुरू हो गया है। हमने किसानों व यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य भी देखा है। जिलाध्यक्ष सोलंकी ने कलेक्टर, एसडीएम व प्रशासनिक अमले का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों की मांगों को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगा।


















