राजगढ़। राजगढ़-कुक्षी मार्ग स्थित ग्राम कंजरोटा पुल पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 (FRV-12) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कार सवार लोग अपने बच्चों को भीलखेड़ी हॉस्टल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान कंजरोटा पुल के पास यह हादसा हुआ। दुर्घटना में छोटा माछलिया निवासी हरसिंग पिता बधिया बिलावल, विजय बिलावल और सारू बिलावल गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही FRV-12 राजगढ़ के स्टाफ गणपत बघेल और पायलट विजय चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को राजगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी है।
स्पीड ब्रेकर हटने से बढ़े हादसे –
ग्राम कंजरोटा में राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर स्पीड ब्रेकर न होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। अंधे मोड़ पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस अंधे मोड़ पर पहले स्पीड ब्रेकर बने हुए थे, लेकिन सड़क मरम्मत कार्य के दौरान उन्हें हटा दिया गया और दोबारा नहीं बनाया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां जल्द से जल्द नए स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।



















