राजगढ़। ग्राम पिपरनी निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान प्रेमसिंह चौहान अपनी गौरवशाली सेवा पूर्ण कर शुक्रवार को गृह ग्राम पहुंचे। उनके आगमन पर राजगढ़ से पिपरनी तक एक भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों और युवाओं ने देशभक्ति के नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जवान का अभिनंदन किया गया। इसके बाद ग्राम पिपरनी में एक विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि जनजाति विकास मंच के जिला अध्यक्ष अरविंद डावर ने अपने संबोधन में कहा कि विषम परिस्थितियों में सीमा पर मुस्तैद रहकर देश की रक्षा करना सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने कहा कि वे माता-पिता विशेष सम्मान के पात्र हैं, जो अपने पुत्र को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर देते हैं। देश सदैव ऐसे वीर परिवारों का ऋणी रहेगा।
कार्यक्रम में मंचासीन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक बाबूलाल हामड़ ने कहा कि ऐसे कर्तव्यनिष्ठ नौजवान न केवल अपने परिवार और गांव का, बल्कि पूरे राष्ट्र का मान बढ़ाते हैं।समारोह के दौरान ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों ने सेवानिवृत्त जवान प्रेमसिंह चौहान को साफा बांधकर, पुष्पमालाएं पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका नागरिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



















