जिलाध्यक्ष भारती ने कहा- सरदारपुर में भी खिलेगा कमल
रमेश प्रजापति @ राजगढ़। आख़िकार लंबे समय के बाद भाजपा की शहरी जिले की कार्यकारिणी की घोषणा विधिवत रविवार को हुई। इस कार्यकारणी की घोषणा के बाद से कार्यकर्ताओ में उमंग और जोश देखने को मिल रहा हैं। दूसरी तरफ इस कार्यकारिणी की घोषणा के बाद से यह उम्मीद लगाई जा रही हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में सरदारपुर की सीट पर पार्टी संगठन का पूरा फोकस फतह हासिल करने के लिए हैं।
राजनीति विशेषज्ञों की माने तो भाजपा की जिला कार्यकारिणी में सरदारपुर विधानसभा से 2 महिला ओर 2 पुरुष को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इसी आधार पर दी गई हैं की वे आगामी विधानसभा चुनाव में इस सीट को भाजपा की झोली में डाल सकें। राजनीतिक विशेषज्ञ का कहना हैं कि जिले की अन्य विधानसभा से ज्यादा संगठन फोरम ने सरदारपुर पर फोकस रखते हुए संगठन को मजबूत करने की भरपूर प्रयास किए है, ताकि यहां की सीट भाजपा के खाते में जा सके। क्योकि वर्तमान में सरदारपुर की सीट कांग्रेस के खाते में हैं।
जिम्मेदारी के साथ संगठन होगा मजबूत –
जिलाध्यक्ष नीलेश भारती ने अपनी टीम में उन चेहरों को मौका दिया है जो संगठन के लिए हमेशा कार्य करते आए हैं। भारती ने अपनी संगठन की पारी में ‘स्ट्रेट ड्राइव’ लगाते हुए सरदारपुर विधानसभा से 4 अनुभवियों को मौका दिया हैं। जिसमें विद्यार्थी परिषद में लंबे समय तक अग्रणी भूमिका में रहने वाले राकेश पटेल को जिला महामंत्री, सरदारपुर नगर की बागडोर संभाल चुकी पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रोमा धर्मेंद्र मंडलोई को जिला उपाध्यक्ष, जिला पंचायत के सदस्य रह चुके कमल यादव को जिला मंत्री तथा ग्राम पंचायत कंजरोटा की सरपंच रह चुकी निर्मला हेमराज हटिला को जिला मंत्री की जिम्मेदारी दी गई हैं।
कार्यकर्ताओ में उत्साह, निकाला जुलूस –
भाजपा की नवीन कार्यकारणी में सरदारपुर विधानसभा के 4 नेताओ को जिम्मेदारी मिलने के बाद से कार्यकर्ताओ में उत्साह है। मंगलवार को राजगढ़ में चारो नवीन पदाधिकारियों का जुलूस निकालकर पार्टी संगठन का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिलाध्यक्ष ने कहा- सरदारपुर में भी खिलाना है कमल –
भाजपा जिलाध्यक्ष नीलेश भारती ने चेतक टाईम्स डॉट कॉम से चर्चा में कहा कि, संगठन में योग्य कार्यकर्ताओ को जिम्मेदारी दी गई हैं। आगामी दिनों में भाजपा की 6 मोर्चो की कार्यकारिणी का भी शिघ्र विस्तार होगा। जिसमे श्रेष्ठ कार्यकर्ताओ को मौका दिया जाएगा। हमारी मंशा संगठन को मजबूत करना है और शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है। आगामी विधानसभा चुनाव में सरदारपुर विधानसभा में भी कमल खिलाना हैं।


















