राजगढ़। रबी की फसल के चलते किसानों को युरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नही होने पर किसानों ने खाद के गोडाऊन के सामने राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित किसान सड़क पर बैठ गए जिससे करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। मौके पर पुलिस ने किसानों को समझाइश देकर खाद वितरण शुरू करवाया। सुचना मिलते ही कृषि विस्तारक अधिकारी राजेश बर्मन भी मौके पर पहुंचे।
दरअलस राजगढ़ में कुक्षी मार्ग स्थित खाद के गोडाउन पर खाद नही मिलने से आक्रोशित किसानों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे चक्काजाम कर दिया। इससे कुक्षी मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनो की लंबी कतार लग गई। किसानो का कहना था कि उन्हें यूरिया खाद की सख्त आवश्यकता है लेकिन काफी चक्कर लगाने के बाद भी खाद नही दिया जा रहा। सोमवार को भी खाद लेने किसान अल सुबह से ही पहुंचे लेकिन खाद नही मिलने की बात सुनते ही वे आक्रोशित हो गए तथा किसानों ने खाद गोडाउन के सामने ही राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वही सूचना मिलते ही डायल 112 व राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची व किसानों को समझाइश दी।

किसानों का आरोप – कई दिनों से खाद के लिए लगा रहे चक्कर –
ग्राम टिमायची के किसान मांगीलाल व रूपाखेड़ा शंभूसिंह पंवार ने बताया कि किसानों को ऊंट के मुंह मे जीरे के समान खाद का वितरण किया जा रहा है। जबकि खेतो की डायरी को लेकर जब भी खाद लेने आते है तब उनकी खेतो की डायरी लेकर 15 दिन या करीब महीने भर बाद आने का कहा जाता हैं। लेकिन उसके बाद भी किसानों को खाद नही दिया जा रहा। वही रिंगनोद के किसान शंकरलाल पडियार व होलातलाई के किसान सीताराम मोहनिया ने बताया कि मांग के अनुरूप गोडाउन से खाद का वितरण नही हो पा रहा हैं। किसान किसान कैलाश ने बताया कि वे विगत 8 दिनों से खाद के लिए चक्कर लगा रहे है। परंतु खाद नही मिलने से चक्काजाम किया हैं।
पुलिस की समझाइश के बाद शुरू हुआ खाद वितरण –
किसानों द्वारा चक्काजाम करने कि सूचना पर मौके पर कृषि विस्तार अधिकारी राजेश बर्मन तथा राजगढ़ थाने का पुलिसबल मौके पर पहुंचा तथा किसानों से चर्चा की। साथ ही गोडाउन प्रभारी से चर्चा कर किसानो को 5-5 बोरी खाद वितरण करवाना प्रारंभ करवाया। गोडाऊन प्रभारी नवीन ठाकुर ने बताया कि किसानो को समय पर खाद मिले यह हम प्रयास कर रहें हैं। जैसे ही खाद प्राप्त होगा उसके अनुरूप किसानों को खाद वितरित करेंगे। कृषि विस्तार अधिकारी राजेश बर्मन ने कहा कि खाद की किल्लत को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया हैं ताकि किसानों को खाद के लिए परेशान ना होना पड़े। हमारा प्रयास हैं कि किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध हो सकें।


















