राजगढ़ – बोर्ड परीक्षाओं का हुआ आगाज, अंग्रेजी का पर्चा शिक्षकों की निगरानी में सम्पन्न, छात्रों के चेहरे खिले, परीक्षा के लिए बनाए 14 केंद्र, अधिकारियों ने किया दौरा

राजगढ़। 12वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुवात मंगलवार से हुई। पहले दिन अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र हुआ, जिसे नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों ने शांतिपूर्ण माहौल में हल किया। विकासखंड में बनाए गए 14 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2557 में से 60 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
शासकीय बालक पीएम श्री विद्यालय परीक्षा केंद्र पर पंजीकृत 218 विद्यार्थियों में से 217 ने परीक्षा दी, वहीं एक विद्यार्थी अनुपस्थित रहा।
परीक्षा के दौरान एसडीएम सलोनी अग्रवाल एवं जिला शिक्षा अधिकारी केशव वर्मा ने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

परीक्षा से पूर्व विद्यार्थी निर्धारित समय से पहले ही अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। कई विद्यार्थी अभिभावकों के साथ केंद्र आए। प्रश्नपत्र हल करने के बाद विद्यार्थियों विनीता कहार, नेहा, तमन्ना एवं मंजू माली ने बताया कि अंग्रेजी का प्रश्नपत्र सरल था और उन्हें अच्छे अंकों की उम्मीद है। कक्ष से बाहर निकलते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। परीक्षा केंद्राध्यक्ष टेटिया भिड़े ने बताया कि प्रवेश से पूर्व सभी विद्यार्थियों की जांच की गई, इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। पूरी परीक्षा शिक्षकों की कड़ी निगरानी में सम्पन्न कराई गई।

14 परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा
सरदारपुर विकासखंड में शासकीय व अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए दत्तीगांव, अमझेरा, राजगढ़ (दो केंद्र), रिंगनोद, दसाई, सरदारपुर (दो केंद्र), बरमंडल, राजोद, लाबरिया, जौलाना एवं तिरला में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

14 फरवरी से शुरू होगी हाईस्कूल परीक्षा
हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 14 फरवरी से प्रारंभ होगी। पहला प्रश्नपत्र एनएसक्यूएफ के सभी विषय का रहेगा। हाईस्कूल परीक्षा के लिए भी विकासखंड में 14 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 3455 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। शिक्षा विभाग द्वारा सभी केंद्रों पर पूर्व तैयारी पूरी कर ली गई है और अधिकारी नियमित निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!