सरदारपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सरदारपुर में सेक्टर भवन पर विद्यारंभ कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार व आयुक्त भोपाल के निर्देश पर किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 5 से 6 साल में सभी बच्चों को प्राथमिक शालाओं में सहज रूप से स्थानांतरित किया।
कार्यक्रम में पार्षद रोमा धर्मेंद्र मंडलोई, शांता बाई तहाड़ व नीरज कटारे तथा विभाग के परियोजना अधिकारी कमलसिंह निगवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियो द्वारा सरस्वती पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में सरदारपुर तहसील की सभी 431 आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज 5 से 6 साल के सभी 4379 बच्चों को प्रारंभिक बाल्यकाल शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी कमलसिंह निगवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों द्वारा प्रदत्त प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा की महत्ता स्पष्ट रूप से रेखांकित होगी तथा समुदाय इन्हें शिक्षा के प्रामाणिक केंद्र के रूप में स्वीकार करते हुए बच्चों को नियमित तौर पर आंगनवाड़ी केंद्रों पर भेजने हेतु प्रेरित होंगे। इस मौके पर पर्यवेक्षक आशा ताहेड सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका मौजूद रही।

















