सरदारपुर। भीलप्रदेश मुक्ति मोर्चा द्वारा बुधवार को सरदारपुर में एसडीएम कार्यालय पर तहसीलदार मुकेश बामनिया को राष्ट्रपति प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर भीलप्रदेश राज्य के गठन की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल सीमावर्ती क्षेत्रों तथा दादरा एवं नगर हवेली को मिलाकर भीलप्रदेश राज्य के गठन हेतु प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की।
मोर्चा के प्रतिनिधियों ने बताया कि भीलप्रदेश राज्य की मांग वर्षों से लगातार उठाई जाती रही है और प्रत्येक वर्ष ज्ञापनों एवं जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जाता है। भीलप्रदेश मुक्ति मोर्चा ने कहा कि यह आंदोलन आदिवासी समाज के सम्मान, स्वाभिमान, न्याय और आत्मनिर्णय के अधिकार से जुड़ा हुआ है तथा भीलप्रदेश राज्य की मांग पूरी होने तक यह संघर्ष लोकतांत्रिक तरीके से निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान राजेंद्र गामड़, अर्जुन खराडी, देवानंद खराडी, संदिप भुरिया, जितेन्द्र वसुनिया, सार्थिक भुरिया, श्याम खराडी, देवराम कटारा सहित अन्य मौजूद रहे।


















