राजगढ़। नगर की पार्षद रीतु निलेश सोनी द्वारा नगर परिषद सीएमओ को दिए गए पत्र के बाद नगर परिषद ने बाल विनय मंदिर कॉम्प्लेक्स व राजीव कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों को जारी दुकान रिक्त करने का अंतिम नोटिस फिलहाल रोक दिया है। इससे 20-25 साल से कारोबार कर रहे सैकड़ों दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है।
दरअसल पार्षद सोनी द्वारा पुराने दुकानदार, नियमित किराया, बेरोजगारी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने दुकान खाली करने की कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। साथ ही आगामी 16 जून को नगर परिषद की बैठक बुलाई गई है। इसमें पार्षद सोनी व्यापारियों के हित में कॉम्प्लेक्स रिपेयरिंग के प्रस्ताव पर सभी सदस्यों से सहमति लेंगी। साथ ही दुकान खाली कराने के बजाय अब कॉम्प्लेक्स की मरम्मत करवाकर जीर्णोद्धार करने पर सहमति बनाने की कोशिश की जा सकती हैं। पार्षद ने पहले ही कहा था कि दुकानदार भी मरम्मत में आर्थिक सहयोग को तैयार हैं। इधर, नोटिस रुकने की खबर के बाद दोनों कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों ने पार्षद का आभार जताया।


















