सरदारपुर। अमझेरा मुक्तिधाम के विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमल यादव की मांग पर धार कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ द्वारा 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से मुक्तिधाम में सीसी रोड निर्माण, सौंदर्यीकरण सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे।
सरपंच प्रतिनिधि शिवा मकवाना ने बताया कि पंचायत द्वारा मुक्तिधाम में बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमल यादव को अवगत कराया गया था। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से रखा, जिस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
स्वीकृत राशि से मुक्तिधाम परिसर में सीसी रोड निर्माण, परिसर का सौंदर्यीकरण, पेयजल व्यवस्था, स्नान सुविधा एवं अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा मुक्तिधाम का स्वरूप भी अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कमल यादव के प्रयासों से अमझेरा मुक्तिधाम में शोक सभा भवन, बाउंड्री वॉल, मुख्य द्वार, पुलिया, ट्यूबवेल, मोटर पंप सहित कई विकास कार्य स्वीकृत होकर पूर्ण किए जा चुके हैं। अब 10 लाख रुपये की नई स्वीकृति से मुक्तिधाम के विकास को और गति मिलेगी।


















