सरदारपुर। पशु चिकित्सा विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक गाय की जान बचाई गई। सामान्य प्रसव संभव नहीं होने की स्थिति में सिजेरियन सेक्शन ऑपरेशन कर पशु को नया जीवन दिया गया।
ब्लॉक वेटेरिनरी ऑफीसर सरदारपुर डॉ. दिलीप गामड़ के नेतृत्व में गठित पशु चिकित्सा सर्जरी टीम द्वारा यह जटिल ऑपरेशन किया गया। जिसमें मुख्य सर्जरी एवं संपूर्ण ऑपरेशन का मार्गदर्शन डॉ. दीपक बामनिया (MVSc सर्जरी, रिंगनोद) द्वारा किया गया। टीम में डॉ. मीनाक्षी डावर (वेटेरिनरी सर्जन सरदारपुर), सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी सुनीता डामोर, ममता भयडिया एवं आयशा खान शामिल रहीं।
ब्लॉक वेटेरिनरी ऑफीसर डॉ. दिलीप गामड़ ने बताया कि गाय की जांच में पाया गया कि गाय का बछड़ा एक दिन पूर्व गर्भ में ही मृत हो चुका था। जिसके कारण गर्भाशय में गंभीर संक्रमण फैल गया था। ऐसी स्थिति में सामान्य प्रसव असंभव था एवं गाय की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। विशेषज्ञों द्वारा तत्काल सिजेरियन सेक्शन का निर्णय लिया गया। गाय की मालकिन गौरी बाई निवासी शालिनी मार्ग, वार्ड क्रमांक-6 सरदारपुर द्वारा प्रसव में आ रही समस्या की सूचना राकेश अवस्थी को दी गई। जिन्होंने तुरंत संपर्क किया। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची और विशेषज्ञों के निर्देशन में सफल ऑपरेशन संपन्न किया गया।
डॉ. गामड़ ने कहा कि इस जटिल सर्जरी से न केवल गाय की जान बचाई जा सकी, बल्कि पशुपालकों में पशु चिकित्सा विभाग के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।


















