राजगढ़ बनेगा पूरे जिले के लिए रोल मॉडल : दानदाताओं की मदद से पुलिस ने एक्टिव किए हाई डैफ‍िनेशन के 42 CCTV कैमरे, SP मयंक अवस्थी ने किया कंट्रोल रूम का उद्घाटन

राजगढ़। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की दिशा में पुलिस ने एक नवाचार किया है। शनिवार को जिला पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने थाना परिसर में नवनिर्मित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। इस नई व्यवस्था के तहत नगर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में 42 हाई-डेफिनिशन कैमरे सक्रिय किए गए है। इन कैमरों की मदद से अपराधियों पर नकेल कसना अब और आसान होगा।

राजगढ़ बनेगा पूरे जिले के लिए रोल मॉडल –
शुभारंभ अवसर पर एसपी मयंक अवस्थी ने राजगढ़ पुलिस और स्थानीय जनता के समन्वय की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा राजगढ़ थाना पुलिस का यह नवाचार पूरे जिले के लिए एक नजीर है। जन-सहयोग से तैयार इस मॉडल को हम पूरे धार जिले में लागू करने का प्रयास करेंगे। इन कैमरों के जरिए न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियान में भी बड़ी मदद मिलेगी।

जन-भागीदारी की अनूठी मिसाल-
कार्यक्रम में विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरे के दानदाताओं का सम्मान किया गया जिनके सहयोग से यह प्रोजेक्ट धरातल पर उतरा। एएसपी पारुल बेलापुरकर ने नागरिकों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि जनता के सहयोग के बिना इतना बड़ा सुरक्षा कवच तैयार करना संभव नहीं था। राजगढ़ शहर में लगे 42 कैमरे से चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जाएगी, रात के अंधेरे में भी अपराधियों की पहचान करने में कारागर होंगे। थाना परिसर से ही पूरे शहर की लाइव फीड देखी जा सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी समीर पाटीदार को उनकी कार्यकुशलता के लिए सम्मानित किया गया। वही सीसीटीवी कैमरा मैनेजमेंट के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अमर कमेडिया ने कैमरे से सम्बंधित जानकारी से जिला पुलिस अधीक्षक को अवगत करवाते हुए बताया कि नगर में लगाए गए उच्च क्वालिटी के कैमरे रात्रि के समय में भी बहुत फायदेमंद रहेंगे।

वही वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमएल जैन सहित नगर के प्रबुद्धजनों ने अपने सुझाव देते हुए कहा कि इन कैमरों की उपयोगिता बनाए रखने के लिए समय-समय पर इनका मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर तहसीलदार मुकेश बामनिया, नगर परिषद अध्यक्ष सवेरा महेश जायसवाल सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन ने किया एवं आभार प्रदर्शन थाना प्रभारी समीर पाटीदार द्वारा किया गया।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!