राजगढ़ – खरमोर के लिए बनाई गई टीन की दीवार हटाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 16 मार्च से किसानों का अनिश्चितकालीन धरना, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने SDM को सौंपा आवेदन

राजगढ़। इंदौर–अहमदाबाद फोरलेन मार्ग पर धुलेट से दत्तीगांव के बीच बनाई गई करीब 7 किलोमीटर लंबी टीन की दीवार को हटाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियन द्वारा 16 मार्च से ग्राम धुलेट में फोरलेन के सर्विस रोड पर किसानों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस संबंध में यूनियन ने कलेक्टर के नाम सरदारपुर एसडीएम सलोनी अग्रवाल को आवेदन सौंपकर प्रशासन को पूर्व सूचना दे दी है।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष राकेश सोलंकी ने बताया कि धुलेट से दत्तीगांव के बीच एनएचएआई द्वारा पूर्व में खरमोर अभ्यारण्य क्षेत्र के तहत टीन की 7 किलोमीटर लंबी दीवार का निर्माण कराया गया था। अब यह क्षेत्र खरमोर अभ्यारण्य से मुक्त हो चुका है, जिसके कारण उक्त दीवार का कोई औचित्य नहीं रह गया है। इसके बावजूद दीवार को नहीं हटाया गया, जिससे किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं।

उन्होंने बताया कि किसान लंबे समय से इस दीवार को हटाने की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में कई बार प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा किसानों की मांग है कि महावीर जलाशय के वेस्टवेयर नाले पर पुलिया का निर्माण किया जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
किसानों ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि वर्तमान में किसानों को उपज का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सोनोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सोसायटियों द्वारा ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च से बढ़ाकर 30 अप्रैल करने की मांग भी रखी गई है।

इन सभी मांगों को लेकर 16 मार्च को सुबह 11 बजे से ग्राम धुलेट में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू होगा। यूनियन का कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!