सरदारपुर। क्षेत्र में मानसून की पहली बारिश जहां एक ओर उमस से राहत और अंचल को तरबतर करने वाली सौगात लेकर आई, वहीं दूसरी ओर एक दर्दनाक हादसे का कारण भी बन गई। ग्राम कुल्डीपाड़ा के समीप आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक निजी बैंक के ब्रांच मैनेजर और उनके सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की तत्परता से दोनों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
किस्त वसूली कर लौट रहे थे वापस-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की राजगढ़ शाखा के ब्रांच मैनेजर विष्णु पिता मायाराम निवासी- सीहोर अपने बैंक कर्मचारी कमल पिता भागीरथ, निवासी सरदारपुर के साथ फील्ड वर्क पर थे। दोनों बुधवार को क्षेत्र के ग्राम कुल्डीपाड़ा में बैंक लोन की किस्त वसूल करने गए थे।
शाम करीब 5 बजे, जब वे अपनी वसूली का काम निपटाकर वापस राजगढ़ लौट रहे थे, तभी अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उनके समीप आ गिरी। बिजली की चपेट में आते ही दोनों बाइक सहित सड़क किनारे गिर पड़े और अचेत हो गए।

ग्रामीणों ने दिखाई मुस्तैदी, पहुंचाया अस्पताल –
हादसा होते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए दोनों घायलों को संभाला और तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरमंडल लेकर पहुंचे।
मैनेजर विष्णु आकाशीय बिजली के सीधे प्रभाव के कारण उनके पेट और कमर का हिस्सा काफी झुलस गया है। वही कर्मचारी के कंधे में फ्रैक्चर आया है।
प्राथमिक उपचार के बाद धार रेफर –
बरमंडल स्वास्थ्य केंद्र में मुस्तैद डॉक्टरों की टीम ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, मैनेजर विष्णु के झुलसने और अंदरूनी चोटों की गंभीरता को देखते हुए, बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल धार के लिए रेफर कर दिया।


















