राजगढ़ प्रेस क्लब की त्रैमासिक बैठक संपन्न, प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पत्रकारों ने उठाए यातायात व स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे

नगर समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा, SDM सलोनी अग्रवाल ने कहा- जनता व प्रशासन के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी हैं पत्रकार

राजगढ़। नगर के फोरलेन स्थित गुरुमणी वाटिका में गुरुवार रात्रि 8 बजे राजगढ़ प्रेस क्लब की त्रैमासिक बैठक का आयोज किया गया। इस बैठक में पत्रकारों की समस्याओं के साथ-साथ नगर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य पत्रकारों और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित कर क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर ठोस पहल करना रहा।

कार्यक्रम में एसडीएम सलोनी अग्रवाल, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार,थाना प्रभारी समीर पाटीदार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नितिन जोशी एवं डॉ. सचिन द्विवेदी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष रमेश प्रजापति ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रेस क्लब की गतिविधियों पर प्रकाश डाला और आगामी आयोजनों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन भी है। प्रेस क्लब के सचिव शैलेंद्र पवार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब राजगढ़ लगातार समाजहित में कार्य करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में प्रेस क्लब के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर जैसे जनसेवा के कार्य भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को लाभ मिल सके।

जनता तथा प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं पत्रकार –
एसडीएम सलोनी अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होते हैं और वे जनता तथा प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राजगढ़ ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सरदारपुर तहसील के पत्रकारों की कार्यशैली सकारात्मक और रचनात्मक है, जिसके कारण क्षेत्र की पहचान संभाग स्तर तक बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रेस क्लब द्वारा इस प्रकार की बैठकों का आयोजन एक सराहनीय पहल है, जिससे प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।

वही थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने कहा कि राजगढ़ प्रेस क्लब वर्षों से नवाचार करता आया है और यहां की पत्रकारिता की पहचान सत्यता, सकारात्मकता और निष्पक्षता के रूप में स्थापित है। उन्होंने पत्रकारों को समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताया।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नितिन जोशी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद पत्रकार समाज का आईना बनकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। वे प्रशासन को जनता की समस्याओं से अवगत कराते हैं और समाज को प्रशासन की योजनाओं से जोड़ते हैं। डॉ. सचिन द्विवेदी ने भी पत्रकारों को सकारात्मक पत्रकारिता के लिए प्रेरित करते हुए समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र जैन ने नगर की प्रमुख समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं पर भी ध्यान आकर्षित किया।

प्रेस क्लब के संरक्षक गोपाल सोनी एवं सुनील बाफना ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर धर्मेंद्र भंडारी, अजय जैन, विपिन पांडे, निलेश सोनी एवं विशेष राजपूत सहित कई पत्रकारों ने अपने सुझाव साझा किए। बैठक के दौरान पत्रकार विनोद सीरवी, गौरव दुबे, अक्षय भंडारी, अभिषेक राठौर, दीपक प्रजापत, निलेश शर्मा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन ने किया। कार्यक्रम के पश्चात सह भोज का आयोजन रखा गया। आभार प्रेस क्लब अध्यक्ष रमेश प्रजापति ने माना।

यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग प्रमुख-
बैठक के दौरान नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पत्रकारों ने बताया कि राजगढ़ बाजार में प्रतिदिन जाम की स्थिति निर्मित होती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भारी वाहनों का नगर में प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए और शहर में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इसके अलावा पत्रकारों ने नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की खराब स्थिति से भी एसडीएम को अवगत कराया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, चिकित्सकों की उपलब्धता और संसाधनों की बढ़ोतरी की मांग की।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

[the_ad id="80502"]

Related Post

राजगढ़ – दो दशक पुरानी जल निकासी समस्या का मिला अस्थायी समाधान, जल्द बनेगी स्थायी नाली, नगर परिषद की त्वरित कार्रवाई से शुरू हुई पानी की निकासी, जनहित में प्लॉट मालिक ने तोड़ी बाउंड्री वॉल

Read More »
error: Content is protected !!