राजगढ़। शिवगंगा समग्र ग्राम विकास परिषद द्वारा संचालित “स्वच्छ गांव-स्वस्थ परिवार” अभियान के अंतर्गत ग्राम दत्तीगांव में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दत्तीगांव एवं उमरकोट विकास केंद्र के अंतर्गत आने वाले अनेक गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती एवं वाइस चांसलर (कुलपति) प्रो. डॉ. रामदास गोमाजी अत्राम रहे। अतिथियों का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में शिवगंगा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजाराम कटारा की विशेष उपस्थिति रही। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “समाज की वास्तविक समृद्धि प्रकृति की समृद्धि से ही संभव है।” उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ग्राम विकास तथा जनसहभागिता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने गांव, जल, जंगल और भूमि के संरक्षण का संकल्प ले, तो समृद्ध एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को जनआंदोलन बनाएं, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करें तथा सामूहिक श्रम और सहभागिता के माध्यम से गांवों को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उनके विचारों से प्रेरित होकर उपस्थित सभी लोगों ने प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता एवं ग्राम विकास के कार्यों में निरंतर सहभागी बनने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भाजपा मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल, मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण कटारा, दिनेश कटारा तथा पीएम श्री शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दत्तीगांव के प्राचार्य का सहयोग रहा। विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अभियान के उद्देश्यों से प्रेरणा प्राप्त की। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रकृति-सम्मत गांवों के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

















