मारू कुमावत समाज और गौ-भक्तों ने SDM के नाम सौंपे दो ज्ञापन: खुटपला गौशाला समिति पर झूठी शिकायतों और सरदारपुर में समाज की निजी भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया, आंदोलन की दी चेतावनी

सरदारपुर। क्षत्रिय मारू कुमावत समाज संगठन जिला धार एवं गौ-भक्तों ने सोमवार को समाज व गौशाला से जुड़े दो गंभीर मुद्दों को लेकर एसडीएम के नाम तहसीलदार महेशसिंह सोलंकी को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। पहले ज्ञापन में ग्राम खुटपला स्थित श्री गोपालकृष्ण गौशाला समिति के पदाधिकारियों के विरुद्ध हो रही झूठी शिकायतों और फर्जी लेटरहेड के दुरुपयोग पर कार्रवाई की मांग की गई, जबकि दूसरे ज्ञापन में सरदारपुर स्थित समाज की निजी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की गुहार लगाई गई।

गौशाला समिति के विरुद्ध झूठी शिकायतों और फर्जी लेटरहेड के दुरुपयोग का आरोप –
पहले ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम खुटपला स्थित पंजीकृत श्री गोपालकृष्ण गौशाला का शासन-प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों द्वारा समय-समय पर विधिवत निरीक्षण किया जाता है। इसके बावजूद, ग्राम निवासी मनोहर पिता पुरण भारती द्वारा पूर्व में भी कई निराधार शिकायतें की गई हैं।

समाजजनों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति फर्जी लेटरहेड का उपयोग कर पशु चिकित्सा विभाग को 40 से 45 हजार गोवंश की तस्करी जैसे बेबुनियाद और गंभीर आरोपों वाली शिकायतें भेज रहा है। इसके साथ ही वह गौशाला समिति के अध्यक्ष भेरूलाल मालवीया, कोषाध्यक्ष रामचंद्र मारू व अन्य सदस्यों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दे रहा है तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित कर गौशाला की छवि धूमिल कर रहा है। समाज ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

समाज की निजी भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध व्यवसाय संचालन का विरोध –
दूसरे ज्ञापन में सरदारपुर स्थित श्रीराम मंदिर क्षत्रिय मारू कुमावत समाज की निजी भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मुद्दा उठाया गया। समाजजनों के अनुसार, इस निजी भूमि पर कुछ अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा गुमटी रखकर देशी शराब, ताड़ी और अंडे का अवैध व्यवसाय संचालित किया जा रहा है।

आरोप है कि जब समाज के लोग अतिक्रमण हटाने और यह व्यवसाय बंद करने की बात कहते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों द्वारा उल्टा समाजजनों को डराया-धमकाया जाता है और झूठे प्रकरणों में फंसाने की धमकी दी जाती है। समाज ने प्रशासन से निजी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और बिना लाइसेंस चल रहे इस अवैध व्यवसाय पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

आंदोलन की दी चेतावनी –
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं, गौशालाओं और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है। यदि प्रशासन द्वारा दोनों मामलों में समय रहते निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन सौंपते समय जिला अध्यक्ष राधेश्याम सिद्धड़ कोद, जिला प्रभारी रमेशचंद्र तलाइचा राजगढ़, तहसील अध्यक्ष दिनेश कुमार मारू, गोरक्षा संगठन जिलाध्यक्ष विजय पाटीदार, भेरूलाल मालवीया, रामचंद्र मारू, देवीलाल श्रीकार, दिनेश चौधरी, विष्णु चौधरी, गोविंद गुगावन, रामेश्वर मारू, नवीन मारू, अरुण दुबलदिया, गोपाल मारू, नारायण श्रीकार, शंकरलाल मारू, नमन मारू सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्री गोपालकृष्ण गौशाला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp
[the_ad id="80502"]

लेटेस्ट न्यूज़

नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना: शुभारंभ के एक माह बाद भी 98 प्रतिशत खेत सूखे, 66 गांवों की 25 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित करने का था लक्ष्य, वाल्व में अब तक नहीं आया पानी, विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में मंगलवार को ज्ञापन सौंपेंगे किसान

[the_ad id="80502"]

Related Post

error: Content is protected !!