धार। श्री श्रीगौड़ ब्राह्मण समाज धार का चतुर्थ अन्नकूट महोत्सव कई महत्वपूर्ण और नवीन विशेषताओं के साथ अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। महोत्सव में समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवा साथियों और बच्चों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अन्नकूट समिति के अध्यक्ष मनमोहन जोशी ने की, जबकि मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री श्रीगौड़ ब्राह्मण समाज के प्रांतीय अध्यक्ष जयप्रकाश नाईक इंदौर और श्रीगौड़ विद्यामंदिर न्यास के अध्यक्ष संजय पाठक इंदौर उपस्थित रहे।
छप्पन भोग और महाआरती से हुई शुरुआत –
कार्यक्रम का शुभारंभ तृप्ति जोशी द्वारा प्रस्तुत श्रीगणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात आचार्य उमेश पंडित बागड़िया के सानिध्य में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का पूजन कर छप्पन भोग अर्पित किया गया एवं महाआरती की गई। छप्पन भोग की संपूर्ण व्यवस्था महोत्सव के क्यूआर कोड संचालक निश्चल मंडलोई द्वारा की गई।
अतिथियों एवं गुरुजनों का हुआ सम्मान –
महाआरती के बाद अन्नकूट समिति के अध्यक्ष व सदस्यों ने मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर समाज के बालकों को कर्मकांड की शिक्षा प्रदान करने वाले गुरुवर रघु महाराज तथा रविदत्त जोशी का शाल व श्रीफल भेंट कर विशेष अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में अमझेरा और ग्राम बागड़िया की बालिकाओं श्रीधी पंडित, आध्या पंडित, आरोही पंडित और तृप्ति जोशी ने गायन व नृत्य की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। वहीं मितांशी जोशी और नंदिनी शुक्ल की नृत्य प्रस्तुति से प्रभावित होकर विशिष्ट अतिथि संजय पाठक ने दोनों को 500-500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त, बालिकाओं की प्रभावशाली मंचीय प्रस्तुति पर समिति सचिव उज्ज्वल दुबे ने 1100 रुपये तथा श्री संजय पाठक ने 3000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की।
मेजर अनुज तिवारी व प्रतिभाओं का अभिनंदन –
समारोह में भारतीय सेना में मेजर के पद पर पदस्थ अनुज तिवारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही, समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और मंचीय प्रस्तुति देने वाली बालिकाओं को समिति की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए। सम्मान समारोह के प्रभारी अमित मंडलोई रहे। कार्यक्रम में अन्नकूट महोत्सव के संस्थापक नीलेश पाठक ने भी अपना उद्बोधन दिया। संपूर्ण मंचीय कार्यक्रम का संचालन मंच प्रभारी अल्पना जोशी डॉ. संजय जोशी ने किया।


















