राजगढ़। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गुरुवार को आलीराजपुर जिले के प्रवास के दौरान इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन मार्ग पर राजगढ़ और सरदारपुर क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। सड़क मार्ग से गुजर रहे मुख्यमंत्री का फोरलेन पर कई स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा ढोल-धमाकों और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का काफिला ग्राम हातोद स्थित एक स्थानीय होटल पर अल्पाहार के लिए रुका। यहाँ अमझेरा क्षेत्र सहित आसपास के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इसके अतिरिक्त सरदारपुर के भोपवार चौकड़ी तथा राजगढ़ फोरलेन चौकड़ी पर भी बड़ी संख्या में एकत्र कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
वही राजगढ़ फोरलेन चौकड़ी पर सड़क किनारे भुट्टा बेच रहे दिव्यांग विक्रम चौहान ने मुख्यमंत्री को देखते ही निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिव्यांग विक्रम की आवाज सुनकर तुरंत अपना वाहन रुकवाया और नीचे उतरे। उन्होंने विक्रम से भुट्टा लेकर खाया और उसकी मेहनत तथा स्वावलंबन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने विक्रम को 500 रुपये दिए।

कम समय में प्रशासन की चुस्त व्यवस्था –
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना स्थानीय प्रशासन को बुधवार देर रात मिली थी। पहले मुख्यमंत्री के भोजन की व्यवस्था दत्तीगांव स्थित एक होटल में तय की गई थी। लेकिन गुरुवार सुबह अचानक कार्यक्रम में आंशिक संशोधन करते हुए स्थान बदलकर ग्राम हातोद की होटल कर दिया गया। समय सीमा बेहद कम होने के बावजूद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। अल्प समय में ही सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से पूर्ण कर ली गईं।
भाजपा नेताओं ने सौंपे मांग पत्र –
मुख्यमंत्री के सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र में आगमन पर स्थानीय भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न जनहितैषी मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपे। भाजपा मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौपकर राजगढ़ में एक आधुनिक स्विमिंग पूल की स्वीकृति, आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए सरदारपुर में माही नदी तट पर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के विश्राम हेतु सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण, राजगढ़ के कुक्षी नाका से धोबीघाट तक ‘टू-लेन’ सड़क का निर्माण, नर्मदा-माही लिंक परियोजना में छूटे हुए 66 गांवों को इसमें शामिल करने सहित विभिन्न मांगे रखी। वही भाजपा नेता।मुकेश कावड़िया ने सीएम को मांग पत्र सौपकर राजगढ़ के वाई 6 में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की भव्य प्रतिमा स्थापित करने हेतु आवश्यक स्वीकृति एवं वित्तीय अनुदान प्रदान करने का आग्रह किया गया।


















