राजगढ़। नगर की सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्कूल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता नीलेश सोनी एवं समाजसेवी तेजकुमार जैन थे। अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य बलराम कुमावत ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन रामकिशोर कुमावत ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने लोकतंत्र, अराजकता और भीड़तंत्र जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं विद्यार्थियों ने लोकतंत्र के महत्व, मतदान से जुड़े भ्रामक प्रचार और युवा पीढ़ी को गुमराह किए जाने के प्रयासों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से रखे।
आयोजित निबंध प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर सारगर्भित निबंध लिखे। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं की गौरविना पलासिया ने प्रथम एवं कक्षा 9वीं के दक्ष भाऊ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वही भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं की नविका मावी प्रथम तथा कक्षा 10वीं की शिवानी शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के प्रतिभागी सम्मानित –
कार्यक्रम के दौरान 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (मध्य प्रदेश) द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में जिला स्तर पर चयनित संस्था के छात्र चेतन मंडलोई (कक्षा 8वीं) एवं विनय अजनार (कक्षा 7वीं) को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।


















