चिट्ठी सरदारपुर की

पतझड़ मौसम के आगमन के साथ ही रंगों का त्यौहार अपनी चरम सीमा पर हैं। हंसी-खुशी के रंग में सराबोर होकर रंगोत्सव मनाने में शहरवासियों से लेकर ग्रामीण अंचलो तक लोग जुटे हुए है। इसी बीच चिट्ठी सरदारपुर की एक बार फिर आप लोगों के लिए कई संदेशे लेकर आई है.. सभी को होली की राम-राम.. जी हाँ बुरा ना मानो होली हैं..

कांग्रेस में तैयार होती टीम-B

सत्ता का स्वाद चखने में भले ही प्रदेश में कांग्रेस पार्टी नाकाम रही हो लेकिन सरदारपुर विधानसभा में जीत का सिलसिला समय-समय पर होने वाले कई चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जारी रखा हुआ है। लेकिन कांग्रेस संगठन में भी अंतर्कलह जरूर है, हां यह बात जरूर है कि वो खुलकर सामने नही आ रहा है। लेकिन अंदर खानों से आई एक सुगबुगाहट यह साफ इशारा कर रही है कि सरदारपुर विधानसभा में कांग्रेस की एक B टीम तैयार हो रही है। यह टीम समय-समय पर मौजूदा जनप्रतिनिधियों के संगठन की नजर में नम्बर घटाने के कोई मौके नही छोड़ रही है। बीते दिनों मोहनखेड़ा में संपन्न हुए आदिवासी कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के समय कांग्रेस की यह B टीम काफी सक्रिय नजर आई हैं।

भाजपा के नवागत जिलाध्यक्ष भारती का आगमन और मीडिया से दूरियां

बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए संजीवनी का काम करने वाली लाड़ली बहना का असर धार जिले में नही दिखाई दिया। जिसके चलते जिले की 7 विधानसभा सीटों मेंसे भाजपा को 2 सीटो पर ही जीत मिली थी। भाजपा संगठन ने आगामी रणनीति के तहत धार जिले को 2 हिस्सो में बांटकर 2 जिलाध्यक्षो की नियुक्ति इस आश में की गई है कि आगामी चुनाव में भाजपा को 7 की 7 सीटे जितना हैं। लेकिन इन विधानसभा के धरातल वाले नेताओं की करनी कही संगठन की फ़जीहत ना करवा दे। बीते 6 मार्च को भाजपा के नवागत जिलाध्यक्ष का जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सरदारपुर विधानसभा का आगमन हुआ। भाजपा शहरी जिलाध्यक्ष नीलेश भारती के लिए राजगढ़ में एक बड़ा आयोजन भी हुआ। लेकिन इस पूरे आयोजन से स्थानीय मीडिया को दूर रखा गया। ना तो मीडियाकर्मियों को आमंत्रित किया गया और ना ही किसी तरह की प्रेस रिलीज स्थानीय स्तर पर जारी की गई। सरदारपुर विधानसभा में भाजपा का यह पहला अवसर नही है जब मीडिया की इस तरह अनदेखी की गई हो बीते कई अवसर और विधानसभा चुनाव में भी ऐसे ही हाल देखने को मिले थे। यहाँ का स्थानीय भाजपा संगठन मीडिया को कभी अपना सहयोगी मान ही नही पाया है। जिलाध्यक्ष भारती जी अगर ऐसा ही रहा तो सरदारपुर विधानसभा में संगठन की बाते केवल नेताओ तक ही सीमित रह जाएगी। आम जनता तक संगठन की मंशा नही पहुंच पाएगी।

राजगढ़ की आदर्श सड़क पर अनादर्श यातायात

राजगढ़ में नगर परिषद द्वारा करोड़ो रूपये खर्च कर पुराने राजमार्ग को आदर्श सड़क का रूप दिया। लेकिन राजगढ़ की आदर्श सड़क पर यातायात अनादर्श है। विशेषतौर पर बैंकों और फाइनेंस कम्पनियों के आगे बेतरतीबी से इस प्रकार दो पहिया वाहन खड़े रहते है कि यातायात जाम की स्थिती निर्मित हो जाती है। इतना ही नहीं राजगढ़ के आदर्श सड़क पर दुकानों के आगे अवैध रूप से खड़े रहने वाले वाहनो से कभी कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती हैं। इस पर जिम्मेदारों को ध्यान देना होगा।

विकासखंड शिक्षा कार्यालय पर हुई वित्तीय अनियमितता में छोटी मछलियां हुई शिकार, बड़े मगरमच्छो पर कार्रवाई कब?

सरदारपुर में विकासखंड शिक्षा कार्यालय पर हुई 1करोड़ 17 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता के मामले में जनप्रतिनिधि द्वारा संबंधितो पर प्रकरण दर्ज करने हेतु पत्र लिखने के बावजूद भी जनजातीय कार्य विभाग कार्रवाई करने से बचते हुए नजर आ रहा है। 4 तत्कालीन बीईओ पर कार्रवाई करने के बजाय विभाग ने 5 लिपिकों को निलंबित कर दिया। जबकि जांच में यह बात स्पष्ट सामने आई है कि तत्कालीन 4 बीईओ के कार्यकाल में एक करोड़ रूपये से अधिक की अनियमितता हुई है। इतना ही नही विभाग ने कार्यालय में कार्यरत प्राइवेट कम्प्यूटर ऑपरेटर पर कोई ठोस कार्रवाई करने के बजाय उसे केवल कार्यालय से हटा दिया गया। आखिर जनजातीय कार्य विभाग बड़े मगरमच्छों पर कार्रवाई करने के बजाय छोटी मछलियों पर कार्रवाई किस लाभ-शुभ के गणित के चलते कर रहा हैं। आखिर विभाग किस दबाव में आकर इतनी बड़ी राशि की वित्तीय अनियमितता के मामले में संबंधितो पर प्रकरण दर्ज क्यो नही करवा रहा हैं ? कही विभाग पर कोई दबाव है या फिर…?

Facebook
Twitter
WhatsApp

यह भी पढ़ें I

error: Content is protected !!