राजगढ़। भारतीय जनता पार्टी मंडल राजगढ़ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर शनिवार को नगर के पांच धाम एक मुकाम श्री माताजी मंदिर पर मंशा महादेव का भव्य जलाभिषेक संपन्न हुआ। इस दौरान मंदिर के परम पूज्य गुरुदेव ज्योतिषाचार्य श्री पुरुषोत्तम जी भारद्वाज मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
श्री भारद्वाज ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि यह हजारों वर्षों की भारतीय सभ्यता, अटूट विश्वास और निरंतर संघर्ष की जीवंत गाथा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि वर्ष 2026 इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, क्योंकि इसी वर्ष सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं।
वही भाजपा मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल ने कहा की सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारे शाश्वत सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक। एक हजार वर्ष पूर्व, जनवरी 1026 में, सोमनाथ मंदिर ने इतिहास का पहला आक्रमण झेला था। वह केवल मंदिर पर नहीं, बल्कि भारत की आस्था और आत्मा पर प्रहार था। फिर भी न इतिहास की आँधियाँ, न आक्रमणों की आँच हमारी श्रद्धा को डिगा सकी। हर बार, राख से उठते हुए, सोमनाथ ने अपने पुनर्निर्माण के साथ भारत की सांस्कृतिक एकता को और सशक्त किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी पंकज बारोड, भाजपा नेता विपिन पांडे, निलेश शर्मा, दीपक चौधरी, निलेश सोनी, शंभू परवार, मोतीसिंह राठौर, विक्रम बारोड़ शुभम जोक्सन, नीलेश परमार सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















