सरदारपुर। भारत सरकार द्वारा कृषि बाजार को विदेशी कंपनियों के लिए खोलने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मंगलवार को सरदारपुर मे ब्लाक कांग्रेस कमेटी द्वारा अध्यक्ष रतनलाल पडियार के नैतृत्व मे देश की राष्ट्रपति के नाम पर एसडीएम कार्यालय पर रीडर राहुल भूरिया को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि कृषि बाजार को विदेशी कंपनियों के लिए खोलने से देश का किसान आर्थिक रूप से कमजोर हो रहा है और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को गहरा आघात पहुँचा है। विदेशों से दुग्ध उत्पादों का आयात भारतीय दुग्ध किसानों की रोजी-रोटी छीनने वाला कदम है। पहले ही किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा, ऊपर से आयात से उन्हें भारी नुकसान होगा। साथ ही यह हमारी धार्मिक आस्था पर भी प्रहार है, क्योंकि विदेशों में गायों को मांसाहार कराया जाता है जिससे हमारे सनातन धर्म और भावी पीढ़ियों के संस्कारों को खतरा है।
तीन कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आंदोलन में 700 से अधिक किसानों ने शहादत दी। उस समय भारत सरकार ने वादा किया था कि किसानों की फसल एम.एस.पी. पर खरीदी जाएगी। आज सरकार अपने उसी वादे से मुकर रही है यह अस्वीकार्य है। मध्यप्रदेश सरकार भी किसानों से किया गया वादा निभाए और गेहूं की खरीदी 3000 रूपये प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित करे।
प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई हेतु बीमा कंपनियों के माध्यम से तुरंत और पूर्ण बीमा भुगतान कराया जाए। इस दौरान राजेन्द्र लोहार, भानुप्रतापसिंह टिमायची, सीताराम पटेल, केकडिया डामोर, मुकेश तुफान, समन्दरसिंह बामनिया, दिनेश चौधरी, नारायण सोलंकी, शिवांग ग्रेवाल, शंकर सोलंकी, मांगीलाल डामर, अरविन्द जाट, अर्जुन गेहलोत, धन्ना डामर, जगदीश ढाबे, रमेश जाट, बाबु हटीला आदि उपस्थित रहे।
इधर NSUI ने विद्युत सप्लाई प्रारंभ करने के लिए सौंपा ज्ञापन – सरदारपुर विधानसभा के ग्राम बोदली, कुण्डालपाडा, पाटरूण्डी, खलवा मे कुछ उपभोक्ता द्वारा बिजली बिल की राशि जमा नही करने के कारण बिजली काट दी गई है जिसकी वजह से विद्यार्थियो की बोर्ड परीक्षाओ की तैयारी बाधित हो रही है। यह समय विद्यार्थियो के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान मे पढाई हेतु निरंतर विद्युत आपूर्ति आवश्यक है।
सरदारपुर मे छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा विधानसभा अध्यक्ष अरविन्द जाट के नैतृत्व मे मंगलवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर के नाम पर एसडीएम कार्यालय के रीडर राहुल भूरिया को ज्ञापन सौंपकर ग्राम बोदली, कुण्डालपाडा, पाटरूण्डी, खलवा मे काटी गई बिजली तत्काल चालु करने एवं बोर्ड परीक्षाओ के अंत तक विद्युत कटौती नही करने की मांग रखी।


















