सरदारपुर। क्षेत्र की प्रसिद्ध मां माही पंचक्रोशी पदयात्रा की शुरुआत 29 जनवरी से होगी। इसके पहले कल 28 जनवरी को सरदारपुर में भव्य चुनरी यात्रा निकलेगी। पंचक्रोशी पदयात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरणों में हैं।
मां माही पंचक्रोशी पदयात्रा समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र मंडलोई ने बताया कि 29 वी मां माही पंचक्रोशी पदयात्रा की शुरुआत माही तट सरदारपुर से होगी। पदयात्रा में निमाड़, मालवा, गुजरात व महाराष्ट्र सहित अनेक स्थानों से हजारों पदयात्री शामिल होंगे। कल 28 जनवरी को पदयात्रियों का सरदारपुर आने का क्रम शुरू हो जाएगा। कल शाम को सरदारपुर के प्राचीन माताजी मंदिर से चुनरी यात्रा प्रारंभ होगी जो माही तट सरदारपुर पहुंचेगी।
यहां मां माही की 151 फिट लंबी चुनरी ओढाई जाएगी। वही 29 जनवरी को प्रातः 8 बजे अखंड ज्योत व धर्म ध्वजा की बोली के पश्चात यात्रा आंरभ होगी। यात्रा अपने विभिन्न पड़ाव से होती हुई 2 फरवरी को पुनः माही तट सरदारपुर पहुंचकर महाआरती के पश्चात समाप्त होगी। पांच दिवसीय यात्रा 100 से अधिक गांवो में भ्रमण कर करीब 135 किलोमीटर का सफर तय करेगी। आयोजन को लेकर समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा हैं।


















